COVID -19 : भोपाल में 40 नए कोरोना पॉजिटिव ,अब तक 1260 पॉजिटिव मिले, 44 की मौत और 740 हुए स्वस्थ

 
COVID -19 : भोपाल में 40 नए कोरोना पॉजिटिव ,अब तक 1260 पॉजिटिव मिले, 44 की मौत और 740 हुए स्वस्थ

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को 40 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इन्हें मिलाकर संक्रमितों की संख्या 1260 पहुंच गई है। पॉजिटिव पाए गए लोगों हमें जहांगीर बाबा और ऐशबाग के आठ आठ लोग शामिल हैं। वहीं, मंगलवार क्षेत्र के भी छह लोग पॉजिटिव पाए गए है। इसी तरह अशोका गार्डन क्षेत्र के तीन लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें से दो एक ही परिवार के हैं। मंगलवारा क्षेत्र से कोरोना का संक्रमण अब बुधवारा क्षेत्र की तरफ स्थानांतरित हो रहा है। बुधवारा में चार नए पॉजिटिव मिले हैं। इसके बाद आशंका व्यक्त की जा रही है कि बुधवारा क्षेत्र नया रेड जोन बन सकता है। वहीं, शुक्रवार देर रात तक- कोरोना 4 पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई। इसमें तीन महिलाएं और एक 60 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। दो लोगों की चिरायु और दो लोगों की हमीदिया में मौत की पुष्टि हुई है। इस तरह कोरोना से अभी तक राजधानी में कुल 44 मौत हो चुकी है।

ढ़ाई साल की बच्ची और 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने दी कोरोना को मात

युवा वर्ग ही नहीं, बल्कि बच्चे-बूढ़े भी कोरोना संक्रमण की जंग जीत रहे हैं। शुक्रवार को चिरायु से 32 और हमीदिया अस्पताल से 2 मरीज कोरोना संक्रमण को हराकर अपने घर पहुंच गए। इसमें ढाई साल की इज्मा कुरैशी और 65 वर्ष की प्रेमाबाई भी शामिल हैं। सुदामा नगर गोविंदपुरा की ढाई साल की इज्मा चिरायु अस्पताल से डिस्चार्ज होते समय अपनी मां की गोद में काफी खुश नजर आ रही थी। उसके चेहरे पर घर जाने की खुशी थी, वहीं उनके साथ परिवार के चार सदस्य भी स्वस्थ होकर घर जा रहे थे। सभी का कहना था कि बेटी के साथ 14 दिन कैसे कट गए पता ही नहीं चला।

बता दें कि हमीदिया से पहली बार कोरोना पॉजिटिव स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। दोनों गंभीर हालत में अस्पताल लाए गए थे, इसलिए इन्हें 15 दिन में छुट्टी दी गई है। इधर, 34 लोगों ने कोरोना को हराकर अस्पताल से छुट्टी ले ली है। राजधानी में अब तक 740 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।



Related Topics

Latest News