REWA : उज्जैन की नूरी खान बनी महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष तो रीवा की कविता पांडेय, जबलपुर से जमना मरावी और ग्वालियर की रश्मि पवार को भी मिला पद

 

REWA : उज्जैन की नूरी खान बनी महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष तो रीवा की कविता पांडेय, जबलपुर से जमना मरावी और ग्वालियर की रश्मि पवार को भी मिला पद

कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता पद से इस्तीफा देकर चंद घंटे के भीतर वापस लेने वालीं उज्जैन की नूरी खान को मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस का उपाध्यक्ष बना दिया गया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्चना जायसवाल ने नूरी खान के अलावा रीवा की कविता पांडे, जबलपुर से जमना मरावी और ग्वालियर की रश्मि पवार को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ महिला कांग्रेस की आइटी सेल, लीगल सेल, इंटरनेट मीडिया और महिला उत्पीड़न निवारण सेल का भी गठन किया गया है। 

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को प्रदेश महिला कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। इसमें संगठन को मजबूती देने और वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए चार उपाध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। क्षेत्रीय संतुलन बनाते हुए रीवा से कविता पांडे, जबलपुर से जमना मरावी, ग्वालियर से रश्मि पंवार और उज्जैन से नूरी खान को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्चना जायसवाल ने बताया कि बैठक में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव, विधानसभा चुनाव के लिए कार्ययोजना तय की गई। 

जो महिला कार्यकर्ता चुनाव लड़ना चाहती हैं, वे संगठन को पहले ही अवगत करा दें ताकि उनके संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ से चर्चा की जा सके। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर और प्रकाश जैन ने सदस्यता अभियान को गति देने के निर्देश दिए। बैठक में संगठन की प्रदेश प्रभारी ओनिका मेहरोत्रा भी मौजूद थीं। बता दें कि कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता नूरी खान ने रविवार को अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। 

हालांकि कुछ देर बाद इंटरनेट मीडिया पर पोस्‍ट के जरिए उन्‍होंने अपना इस्‍तीफा वापस लेने की घोषणा भी कर दी। इससे पहले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ को लिखे पत्र में उन्होंने कहा था कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में कांग्रेस की विचारधारा अल्पसंख्यक समाज के प्रति भेदभाव पूर्ण रवैये की है। पार्टी में सिर्फ इस वजह से प्रतिभाओं को मौका नहीं दिया जाता, क्योंकि अल्पसंख्यक वर्ग से हैं।

Related Topics

Latest News