BHOPAL : लॉकडाउन के अंतिम दिन में उमड़ा सैकड़ों का सैलाब, लगा भारी भरकम जाम

 
भोपाल। लॉकडाउन के अंतिम दिन शहर के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर लंबा जाम लग गया। इस जाम से सवाल उठता है कि ये कैसा टोटल लॉकडाउन? कोलार में सोमवार दोपहर सैकड़ों वाहनों के सड़क पर आ जाने के कारण जाम के हालात बन गए। पुलिस को वाहनों को निकलने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। जाम के हालात बनने के कारण थाना प्रभारी को खुद मौके पर आकर वाहनों को निकालने में जुटना पड़ा। शाम तक जाम की स्थिति बनी रही थी। अमूमन यह स्थिति वीआईपी रोड, लालघाटी और पॉलिटेक्निक चौराहे पर भी देखी गई।
इस कारण लगे जाम
जानकारी के अनुसार सोमवार को रक्षाबंधन का त्योहार था, इस वजह से लोग सैकड़ों की संख्या में अपने-अपने वाहन लेकर सड़कों पर आ गए। कोलार रोड पर लोकडाउन में पुलिस चेकिंग के दौरान सैकडों की संख्या में वाहनों की लाइन लग गई। सड़क पर स्टापर लगे होने के कारण वाहनों को निकलने में काफी परेशानी हो रही थी। पुलिसकर्मी भी इस जाम को खुलवाने में असहाय नजर आ रहे थे। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने दोनों तरफ के मार्ग पर बढ़ती वाहनों की संख्या को देखते हुए आला अधिकारियों को इसके बारे में बताया। इसके बाद थाना प्रभारी कोलार सुधीर अरजरिया पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां कोलार सर्वधर्म के पुलिया से लेकर चूनाभटटी चौराहे तक जाम के हालत बनते नजर आ रहे थे। इस दौरान कई वाहन चालकों की पुलिस से बहस भी हुई कि त्योहार पर पुलिस को रियायत देनी चाहिए, लेकिन पुलिस लॉकडाउन के निर्देश पर असहाय नजर आ रही थी।
पुराने शहर में भी सड़कों पर वाहन
रक्षाबंधन त्योहार के कारण सुबह से सड़कों पर वाहनों की भीड़ नजर आ रही थी। लोग चार पहिया और दो पहिया वाहनों में अपने-अपने परिवार को साथ लेकर राखी बंधवाने अपने अपने रिश्तेदार के घर जाते नजर आए। वाहनों की भीड़ के कारण जहां पर ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हुई। इस दौरान लालघाटी से लेकर वीआईपी रोड, कमला पार्क से होते हुए पॉलिटेक्निक चौराहे तक सड़कों पर वाहन ही वाहन नजर आए।
लॉकडाउन में त्योहार में कोई छूट नहीं मिली थी। लोगों सड़कों पर वाहन लेकर आ गए थे। उनको वाहनों को वापस किया जा रहा था। जिसके कारण कुछ स्थानों पर आवागमन में लोगों को परेशानी हुई। 
सुधीर अरजरिया, थाना प्रभारी, कोलार