Bihar Politics : राजनीति में मचा ‘नया’ घमासान : तेजस्वी यादव पर लगा चोरी करने का आरोप!
बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव पर ‘चोरी’ करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि वह पटना में उप मुख्यमंत्री के सरकारी आवास को खाली करते समय वहां से टोंटियां, एसी और सोफा जैसी कई चीजें अपने साथ लिए चले गए। ये आरोप बिहार के वर्तमान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निजी सचिव शत्रुधन कुमार ने सोमवार को लगाया है। कुमार ने दावा किया कि सरकारी बंगले से एक सोफा, गमले और एसी गायब हैं। इन आरोपों के बाद बिहार की राजनीति फिर से गर्म हो गई है।
‘तेजस्वी फोबिया से पीड़ित है भाजपा’
वहीं, भाजपा के इन आरोपों को लेकर राजद ने भगवा दल पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया है। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि तेजस्वी ने बंगला खाली कर दिया है जो उन्हें उप मुख्यमंत्री रहते हुए मिला था। भाजपा सस्ती राजनीति कर रही है। तिवारी ने कहा कि भाजपा ‘तेजस्वी फोबिया’ का सामना कर रही है। बता दें कि साल 2022 में जब नीतीश कुमार ने एनडीए का साथ छोड़ते हुए महागठबंधन के साथ सरकार बनाई थी तब तेजस्वी को डिप्टी सीएम का पद मिला था। लेकिन नीतीश कुमार के एक बार फिर पाला बदलने के बाद उनसे पद भी छिन गया और बंगला भी।