नक्सलियों ने की दो ग्रामीणों की हत्या, महिला को निर्वस्त्र कर पीटा | NAXALITES KILLED

 

सुकमा । सुकमा जिले में नक्सलियों ने बर्बरता की हद पार कर दी। अलग-अलग स्थानों पर दो ग्रामीणों की पुलिस मुखबिरी के शक में नृशंस हत्या कर दी। एक ग्रामीण की पत्नी को निर्वस्त्र कर पीटा। जानकारी के अनुसार तोंगपाल के ग्राम कोल्लमकोंटा में शुक्रवार रात करीब नौ बजे 20-25 नक्सलियों ने पूर्व नक्सली मुचाकी हड़मा (44) पुत्र देवा की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। गला काटने के बाद उन्होंने आंखें भी निकाल दी। इसके बाद उसकी पत्नी मंगली को निर्वस्त्र कर डंडे से पीटा। कुछ ग्रामीणों की भी नक्सलियों ने पिटाई की है। मुचाकी मुख्य धारा में शामिल हो चुका था। उसका छोटा भाई हांदा नक्सल संगठन जनमिलिशिया का कमांडर था, जिसने पिछले दिनों आत्मसमर्पण किया है।
मुचाकी की बहन पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रही है। यही वजह है कि मुचाकी निशाने पर था। नक्सलियों को शक था कि हांदा ने मुचाकी के समझाने पर ही आत्मसमर्पण किया है। मंगली ने बताया कि नक्सली लुंगी में थे। उनमें मड्डा मड़कामी, डोले, मुईया, सहदेव, गागरु, गंगो, देवा, महंगू और जगदीश जयलाल को वह पहचानती है। उसने बताया कि हड़मा कोलमकोंटा प्राथमिक शाला में रसोइया था। बता दें कि मुचाकी का बेटा समडू और बेटी शांति माध्यमिक स्तर की पढ़ाई कर रहे हैं।
दूसरी वारदात चिंतलनार थाना क्षेत्र के मुकरम गांव की है। इस गांव के पुजारी पारा स्थित टोले में पहुंचे नक्सलियों ने सो रहे माड़वी उर्रा को घर से उठाया। फिर गांव की भीड़ वाली जगह पर ले जाकर धारदार हथियार से हत्या कर दी।