INDORE CRIME : ऑपरेशन करवा कर भागा मरीज, धोखाधड़ी का केस दर्ज

 


इंदौर। शहर के साउथ तुकोगंज स्थित सहज अस्पताल के मैनेजर अशरफ पुत्र जाहिद हुसैन निवासी राजमोहल्ला की शिकायत पर आरोपित रवि प्रकाश शुक्ला के खिलाफ तुकोगंज थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।

टीआइ कमलेश शर्मा के मुताबिक अशरफ ने पुलिस को बताया कि पिछले वर्ष 21 अक्टूबर को शुक्ला कंधे के ऑपरेशन के लिए भर्ती हुआ था। उसने हेल्थ बीमा पॉलिसी (कैशलेस) के बारे में बताया और कहा कि तीन लाख रुपये तक स्वीकृत हो सकते है। आरोपित के ऑपरेशन में कुल दो लाख 46 हजार रुपयों का बिल बना, लेकिन बीमा कंपनी ने सिर्फ 45 हजार रुपये ही स्वीकृत किए। आरोपित ऑपरेशन के बाद कागजों पर साइन किए बगैर भाग गया। कॉल करने पर डॉक्टर को धमकाने लगा। शिकायत आवेदन की जांच कर बुधवार रात पुलिस ने शुक्ला पर केस दर्ज कर लिया।

महिला को फोन पर अश्लील मैसेज करता था, केस दर्ज

राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने दुर्ग छत्तीसगढ़ के देवेन्द्र कुमार साहू के खिलाफ मोबाइल पर छेड़छाड़ करने का केस दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक महिला ने बताया कि आरोपित कई दिनों से फोन पर अश्लील मैसेज कर परेशान कर रहा है। कई बार फोन पर उसे मना किया और फटकार भी लगाई लेकिन वह नहीं माना। मजबूर होकर महिला ने पुलिस को शिकायत की और केस दर्ज कराया। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस छत्तीसगढ़ दुर्ग के आरोपित को लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार करने के लिए टीम भेजेगी।