MP : उज्जैन-मक्सी रोड पर बस पलटी, एक की मौत : 12 घायल

 

उज्जैन । मक्सी रोड पर शंकरपुर और पंवासा के बीच बुधवार सुबह एक बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई। इसके बाद बस पलट गई। दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 12 अन्य घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। पंवासा पुलिस के अनुसार बस में अधिकांश मजदूर थे। उनके परिवार की महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। ये लोग अहमदाबाद की ओर जा रहे थे। इसी बीच शंकरपुर के आगे सामने से आ रहे ट्रक से बस की भिड़ंत हो गई। इसके बाद बस पलट गई, जिससे एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 12 अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे।

11 महीनों में 81 लोगों की गई जान

बीते 11 महीने में जिले के अलग-अलग स्थानों पर मार्गों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में 81 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 268 घायल भी हुए हैं। बढ़ती दुर्घटनाओं के पीछे कई कारण हैं ओवर स्पीड, फिटनेस की खामी, नशे में वाहन चलाना इनमें से प्रमुख हैं। बीते माह देवास रोड पर दताना-मताना के पास पांच मजदूरों की मौत हो गई थी। वहीं मक्सी रोड पर डंपर की टक्कर से बाइक सवार तीन बच्चों व उनकी मां की मौत हो गई थी।

नाबालिग चला रहे वाहन

यातायात व परिवहन विभाग की अनदेखी के कारण सड़कों पर नाबालिग दोपहिया वाहन व चार पहिया वाहन चलाते हुए नजर आ रहे हैं। कई मामलों में नाबालिगों द्वारा तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने के कारण दुर्घटनाएं होती रही हैं।


हमारी लेटेस्ट खबरों से अपडेट्स रहने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी जुड़ें:

FACEBOOK PAGE INSTAGRAMGOOGLE NEWS ,TWITTER

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ जुड़े हमसे