MP : आपसी रंजिश में युवक को मारी गोली, घटनास्थल पर अफरातफरी, ज‍िला अस्‍पताल में भर्ती

 


उज्जैन। शहर में जहां एक ओर पुलिस लॉकडाउन के चलते दुकानें बंद करवाने में व्यस्त थी वहीं दूसरी ओर पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने एक युवक पर गोली चला दी। गोलीबारी के बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। गोलीबारी में घायल हुआ युवक बाइक से जान बचाकर भागा। भागते हुए वह आगरा रोड स्थित दरगाह के सामने जा गिरा।

माधव नगर अस्पताल के सामने स्थित APM चेंबर के सामने कीर्ति नगर निवासी लोकेश उर्फ़ काजू पिता रामचंद्र ठाकुर को आयुष उर्फ बच्चा ने पिस्टल से गोली मार दी। गोली लोकेश के पेट में जा लगी। घटना के समय लोकेश बाइक पर बैठा हुआ था। गोली लगते ही लोकेश बाइक लेकर जीरो पॉइंट ब्रिज से होता हुआ दरगाह मंडी चौराहे पर जा पहुंचा। जहां वह अचेत होकर सड़क पर जा गिरा। उसे गिरता देख मौके पर मौजूद चिमनगंज थाने का स्टॉप तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचा।

घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी

माधव नगर अस्पताल के सामने गोलियों की आवाज से अफरा तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आयुष के साथ उसका एक साथी और था। जो की आयुष के साथ भाग निकला। वही घायल लोकेश के साथ भी एक युवक था। गोली चलते ही वह युवक भी अपनी बाइक छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलते ही मौके पर माधव नगर थाना पुलिस पहुंच गई थी। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर उक्त घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

पुरानी रंजिश को किया हमला

एएसपी डॉ. रविंद्र वर्मा ने बताया कि आरोपियों और घायल के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। जिसको लेकर आरोपियों ने युवक पर गोली चला दी। आरोपियों ने दो फायर किए थे। जिसमें से एक गोली युवक के पेट में जा लगी। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आरोपियों के संबंध में खोजबीन शुरू कर दी गई है।