REWA : NSUI प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी का पदभार ग्रहण कार्यक्रम : कार्यकर्ता के सिर पर डंडा लगने से मची अफरा-तफरी, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के साथ धक्का-मुक्की

 

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआइ) के प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में शुक्रवार को भीड़ में धक्का-मुक्की के बाद कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया। दरअसल, भीड़ में एक कार्यकर्ता के सिर में डंडा लगने से विवाद हो गया था। इसके बाद कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और लात-घूंसे चले। इसमें पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी फंस गए थे। हालांकि वरिष्ठ नेताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने पदभार ग्रहण किया।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय स्थित एनएसयूआइ के कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष का शुक्रवार शाम पदभार ग्रहण कार्यक्रम रखा गया था। इस दौरान भोपाल सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आए थे। प्रदेश अध्यक्ष के पास पहुंचने के लिए जब कार्यकर्ता सीढ़ी से ऊपर कार्यालय की ओर जाने लगे तो एक कार्यकर्ता के सिर पर डंडा लग गया। इससे अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के साथ भी धक्का-मुक्की हो गई। वे जैसे-तैसे संभले और फिर कार्यालय से नीचे उतर गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के इस व्यवहार पर नाराजगी जताई।

युवा कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि पदभार ग्रहण कार्यक्रम के लिए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह था। अध्यक्ष के पास पहुंचने की होड़ में जब सीढ़ी से कार्यकर्ता कार्यालय की ओर जाने लगे तो किसी कार्यकर्ता के सिर पर गलती से डंडा लग गया। इसको लेकर आपस में कहा-सुनी और धक्का-मुक्की हो गई। कुछ देर में मामला शांत भी हो गया।