REWA : सड़क किनारे बनी मडई में मिली नवजात शिशु , ग्रामीणों ने आवाज सुनकर दी पुलिस को सूचना : अस्पताल में भर्ती

 

रीवा। जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के चेदुला गांव में सड़क किराने रखे पान टपरी (मडई) में नवजात शिशु मिला है। नवजात शिशु लड़की है। बताया गया कि किसी महिला ने इसे छोड़ दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे का जन्म 6 से 8 घंटे पहले हुआ है। बच्चे को फिलहाल संजय गांधी मेडिकल अस्पताल के शिशु गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया है।

शुक्रवार सुबह 7 बजे चेदुला गांव के रहवासियों ने पान टपरी में बच्चे के रोने की आवाज सुनी। देखा तो कपड़े में लिपटी बच्ची थी। लोगों ने सगरा पुलिस को सूचना दी। पु​लिस मौके पर पहुंची। थाना एरिया रायपुर कर्चुलियान लगने के कारण सगरा पुलिस ने रायपुर कर्चुलियान पुलिस को बताया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की मदद से नवजात को संजय गांधी अस्पताल के गहन नवजात शिशु इकाई में भर्ती कराया है।

एक किलो 400 ग्राम की है बच्ची

रायपुर कर्चुलियान थाना प्रभारी मृगेन्द्र सिंह ने बताया, अस्पताल में भर्ती कराने पर ​नवजात बच्ची का वजन एक किलो 400 ग्राम था। बच्ची फिलहाल स्वस्थ है। सात दिन तक बच्ची को शिशु गहन चिकित्सा इकाई में रखा जाएगा। अगर माता पिता नहीं मिलते, तो उसे बाल कल्याण समिति को सौंपा जाएगा। डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची का जन्म रात 12 बजे के आसपास हुआ होगा।