REWA : दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में दो लोगों की मौत : SGMH में उपचार के दौरान तोडा दम : पढ़िए

 

रीवा जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। दोनों ही मामलों में गंभीर रूप से घायलों को संजय गांधी अस्पताल में दाखिल कराया गया था। लेकिन SGMH में उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया है। पुलिस के मुताबिक पहली दुर्घटना रीवा शहर के सिविल लाइन थाना अंतर्गत की है।

यहां जहरखुरानी के चक्कर में युवक ने अपने प्राण गंवा दिए है। वहीं दूसरी घटना चोरहटा थाने के रहट गांव में हुई है। चिकित्सकों के मुताबिक करंट लगने से महिला की मौत हो गई है। दोनों मामलों में SGMH चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम कराते हुए परिजनों को लाश सौंप दी है। इधर संबंधित थाना पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

चोरहटा: हीटर में खाना बनाते समय झुलसी

मिली जानकारी के मुताबिक राज कुमारी पत्नी आकाश गोस्वामी निवासी रहट (25) बीती रात हीटर में खाना बना रही थी। इसी दौरान महिला करंट की चपेट में आ गई। परिजनों को जैसे ही घटना के बारे में पता चला तो संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे। एसजीएमएच के आकस्मिक चिकित्सा विभाग पहुंची महिला को गंभीर हालत में मेडिसिन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया। लेकिन महिला की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई।

सिविल लाइन थाना: जहर निगलने से युवक की मौत

धनराज दाहिया पुत्र रामलखन (19) निवासी सिविल लाइन थाना ने अज्ञात कारणों से बीते दिन जहर निगल लिया था। जैसे ही परिजनों को युवक के जहरखुरानी की जानकारी हुई तो तुरंत उपचार कराने एसजीएमएच लेकर पहुंचे। तब चिकित्सकों ने मेडिसिन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया। लेकिन इलाज के दौरान मौत हो गई। ऐसे में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि युवक किसी दुकान में काम करता था।