MP : सॉफ्टवेयर इंजीनियर दूल्हे पर ठगी का आरोप : पिता बोले- फूटी कौड़ी दहेज नहीं लिया; होटल का 14 लाख बिल तक मैंने चुकाया : पत्नी और ससुर से ढाई करोड़ ऐंठकर अमेरिका गया

 

इंदौर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर दूल्हे विशाल अग्रवाल पर लगे ठगी के आरोप में नया मोड़ आ गया है। अब लड़के के पिता विमल अग्रवाल सामने आए हैं। उन्होंने लड़की निधि अग्रवाल और उसके पिता अजय अग्रवाल के आरोपों को नकार दिया है। उनका कहना है कि दहेज में हमने फूटी कौड़ी नहीं ली। लड़की वाले हमें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। शादी के बाद बेटे-बहू में नहीं बनी थी, इसलिए वह लड़की को ले गए। यहां तक कि शादी के समय होटल का 14 लाख रुपए का बिल भी उन्होंने अपने पर्सनल अकाउंट से भरा था।

पिता बोले- बेटे-बहू में वैचारिक मतभेद थे

मामले में विमल अग्रवाल का कहना है कि शादी में उन्होंने बिल्कुल भी दहेज नहीं लिया। यहां तक कि शादी का पूरा खर्च भी उन्होंने ही उठाया। फाइव स्टार होटल में 14 लाख रुपए का बिल भी हमने ही चुकाया। शादी के बाद बेटे और बहू में वैचारिक मतभेद होने लगे। दोनों ने एक-दूसरे से अलग रहने का फैसला कर लिया। मैंने समझाया भी था, लेकिन दोनों ने नहीं सुनी। इसके बाद 25 मई को निधि के परिवार वाले उसे यहां से ले गए। निधि और उसके पिता ने माफी भी मांगी थी।

लड़की वाले खुद ही फ्रॉड हैं

विमल अग्रवाल का आरोप है कि फिलहाल मामला कोर्ट में है, इसलिए ज्यादा नहीं बोल सकता। असल में अजय अग्रवाल खुद फ्रॉड हैं। वह हमारी छवि खराब कर रहे हैं। इस तरह ब्लैकमेल करने की कोशिश है। इससे मानसिक पीड़ा हुई है। यह बात भी गलत है कि बेटे की दो शादियां हुई हैं। यह उसका पहला विवाह था। कंपनी के काम के सिलसिले में वह अमेरिका आता-जाता रहता है।

यह है मामला

मुंबई की निधि अग्रवाल ने वहां के मंटुआ थाने में इंदौर में रहने वाले विशाल के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, धोखाधड़ी, मारपीट समेत आधा दर्जन मामलों में केस दर्ज कराया है। विशाल लसूड़िया थाना क्षेत्र के शांति निकेतन में रहता है। पलासिया में उसका ऑफिस भी है। दाल कारोबारी अनिल मंगल और सुधा मंगल ने निधि और विशाल की शादी करवाई थी। लड़की के पिता अजय अग्रवाल शेयर कारोबार से जुड़े हैं। आरोप है कि सगाई में 70 लाख रुपए लिए गए। शादी 25 अप्रैल 2021 को उदयपुर के ताज लेक पैलेस में हुई थी।

निधि के पिता का आरोप है कि विशाल ने शादी के पहले और बाद में करीब ढाई करोड़ रुपए की नकदी व ज्वैलरी ली। इसके बाद लड़की को साजिश के तहत मायके भेज दिया। यही नहीं, शादी के 8 दिन बाद ही अमेरिका चला गया। 

शादी के एक महीने बाद ही चला गया

दूल्हा शादी के एक महीने बाद काम का कहकर अमेरिका चला गया। निधि का आरोप है कि दहेज और उसके बाद 2 करोड़ 41 लाख रुपए नकदी व ज्वैलरी ली गई। विशाल के अमेरिका चले जाने के बाद ससुराल वालों ने साजिश कर उसे मायके भेज दिया। मुंबई पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज किया है। निधि ने पुलिस को बताया कि आसपास के लोगों से बातचीत में यह पता चला कि विशाल पहले भी दो बार शादी कर चुका है। शादी के आठ दिन बाद ही भाग गया था। परिवार वालों ने दोनों शादियों में भी दहेज लिया था।

सगाई में लिए 70 लाख और शादी में 90 लाख का दहेज

निधि के परिवार के लोगों ने बताया कि सगाई के दौरान परिवार को 70 लाख रुपए नकद दिए थे। शादी में 50 तोला सोना और 300 ग्राम चांदी के जेवर समेत 90 लाख का दहेज का सामान दिया गया था। इसके साथ ही 18 लाख नकद परिवार ने निजी काम से लिए थे। इसके अलावा अन्य काम बताकर रुपए लिए गए। परिवार ने बताया कि कुल मिलाकर उनके करीब ढाई करोड़ रुपए की ठगी की गई है।

लड़के के पिता बोले- आरोप निराधार हैं

इस मामले में विशाल के पिता विमल अग्रवाल ने आरोपों को नकार दिया है। उनका कहना है कि शादी के बाद बेटे-बहू में वैचारिक मतभेद थे। इस कारण दोनों के बीच नहीं बनी। इसके बाद मई माह में निधि के परिवार वाले उसे ले गए थे। ना ही विशाल की पहले कभी शादी हुई है। उन्होंने कोई दहेज नहीं लिया। यहां तक कि होटल का 14 लाख रुपए बिल भी पर्सनल अकाउंट से भुगतान किया था। उन्होंने लड़की वालों पर ही आरोप लगाते हुए कहा है कि वे खुद ही फ्रॉड हैं। मामला कोर्ट में भी है। इस तरह छवि खराब करना गलत है।