MP की शिवराज सरकार ने दी बड़ी राहत : पेट्रोल-डीजल पर 4-4% वैट घटाया, आज रात 12 बजे से लागू होंगी नई दरें

 

 

केंद्र सरकार के पेट्रोल-डीजल की एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार ने भी बड़ी राहत दी है। पेट्रोल-डीजल पर 4-4% वैट घटाया गया है। केंद्र के एक्साइज और प्रदेश सरकार के वैट घटाने के बाद पेट्रोल 11.97 और डीजल 16.95 रुपए प्रति लीटर सस्ता हो जाएगा। इसमें केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर 6.27 और डीजल पर 12.50 रुपए घटाए हैं। वहीं, मध्यप्रदेश ने पेट्रोल के दामों पर 5.70 और डीजल पर 4.45 रुपए लीटर की कमी की है।

केंद्र सरकार द्वारा ड्यूटी घटाने के बाद 4 नवंबर की सुबह से भोपाल समेत प्रदेशभर में नई दरों पर ही पेट्रोल-डीजल मिल रहा है। केंद्र द्वारा एक्साइज ड्यूटी कम करने से पहले भोपाल में पेट्रोल के दाम 118.83 और डीजल 107.90 रुपए प्रति लीटर था। केंद्र से राहत मिलने के बाद भोपाल में पेट्रोल के रेट 112.56 और डीजल के रेट 95.40 रुपए प्रति लीटर हो गए। अब मध्यप्रदेश सरकार द्वारा घटाई गई कीमतें 4-5 नवंबर की रात 12 बजे से लागू हो जाएंगी। यानी 5 नवंबर की रात से ही लोगों को एक लीटर पेट्रोल 106.86 रुपए और डीजल 90.95 रुपए प्रति लीटर पर मिलने लगेगा। अभी तक पेट्रोल पर प्रदेश में 33 % वैट लगता है। इसे घटाकर 29 % कर दिया गया है। वहीं, डीजल पर 30 % वैट से घटाकर 26 % कर दिया गया है।

शिवराज ने सुबह ही संकेत दिए थे

CM शिवराज सिंह चौहान ने दिवाली की सुबह ही संकेत दे दिए थे कि मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल के रेट और भी घटाए जाएंगे। इसके बाद दिनभर जोड़-घटाव का दौर चला। आखिरकार CM ने दोपहर बाद वैट कम करने की घोषणा कर दी।

वैट के साथ दूसरे टैक्स में भी कमी

मध्यप्रदेश सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर 4% वैट की कमी करने के निरुपित होने वाले अतिरिक्त कर में भी छूट दी है। डीजल पर डेढ़ रुपए और पेट्रोल पर दो रुपए प्रति लीटर की कमी आई है। इसके बाद पेट्रोल में मध्यप्रदेश सरकार की कुल कमी 5.70 रुपए और डीजल पर 4.45 रुपए आई।

सरकार को कम मिलेंगे 1948 करोड़

प्रदेश सरकार द्वारा टैक्स और निरुपित कर की राशि में कमी करने के बाद सरकार के राजस्व में 1948 करोड़ रुपए की कमी आएगी।

MP सरकार के फैसले से और राहत मिली

मध्यप्रदेश पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि कंपनियों की बेसिक कीमत पर राज्य सरकार टैक्स लगाती है। केंद्र के एक्साइज ड्यूटी कम करने से बेसिक प्राइस कम हो गए हैं। इसके अनुसार ही दामों पर असर पड़ता है। सभी शहरों में वर्तमान में जो दाम हैं, उसके दाम इतने ही कम हो जाएंगे। MP सरकार के फैसले से और भी राहत मिली है।

अक्टूबर-नवंबर में सिर्फ 5 बार घटे रेट

1 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच सिर्फ 5 बार ही पेट्रोल-डीजल के रेट घटे थे, जो काफी कम थे लेकिन बढ़ोतरी काफी अधिक हो गई थी। 1 अक्टूबर को पेट्रोल 110.56 रुपए व डीजल के रेट 99.26 रुपए प्रति लीटर थे। 3 नवंबर को पेट्रोल 118.83 रुपए और डीजल के रेट 107.90 रुपए में मिल रहा था। यानी एक महीने के भीतर ही पेट्रोल 8.27 और डीजल 8.64 रुपए लीटर तक महंगा हो गया था।

6 महीने में 20 रुपए लीटर तक महंगा पेट्रोल

पिछले 6 महीने के भीतर पेट्रोल और डीजल के रेट आसमान छू रहे थे। पेट्रोल 20.42 रुपए और डीजल 18.92 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो गया था।

भोपाल में ऐसे बढ़े भाव


हीना पेट्रोल डीजल
1 नवंबर 118.46 107.90
1 अक्टूबर 110.56 99.26
1 सितंबर 109.58 97.40
1 अगस्त 110.20 98.67
1 जुलाई 107.07 97.93
1 जून 102.61 93.89
1 मई 98.41 88.98
डीजल
1 नवंबर