छिंदवाड़ा : बीस साल की युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या,वीडियो कॉल पर मंगेतर से विवाद, मई में होने वाला था विवाह

 

उमरेठ में बीस साल की युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती का मई में विवाह होने वाला था। बताया जा रहा है कि वह फोन पर वीडियो कॉल कर मंगेतर से विवाद कर रही थी। फांसी लगाते हुए दिखा रही थी। इतने में जिस प्लास्टिक के स्टूल पर युवती खड़ी थी, वो टूट गया। युवती फंदे पर झूल गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

उमरेठ के नेहरू चौक में पूर्व जनपद सदस्य, पूर्व सरपंच और वर्तमान में ब्लॉक महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुर्मिला नागवंशी, शिक्षक राजकुमार नागवंशी की बीस साल की पुत्री स्वाति का विवाह तय कर दिया था। युवती छिंदवाड़ा में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान सिवनी के एक युवक से उसकी मित्रता हुई ।

परिवार के लोगों ने उससे उसका विवाह तय कर दिया। दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। कई बार सिवनी निवासी युवक उमरेठ में अपने भावी ससुराल में आकर ही रहता था। इसी बीच सोमवार 6 मार्च की शाम स्वाति घर में थी। उसका मामा उसके साथ था। युवती अपने मंगेतर से फोन पर वीडियो कॉल कर विवाद कर रही थी। उसके मां और पिता छिंदवाड़ा से आकर बाजार करने चले गए थे। मामा के सामने युवती ने अपने मंगेतर से बात की। मामा ने भी उस युवक से बात किया। इस बीच युवती का मामा सिलेंडर लेने चला गया।

इधर, युवती ने अपने मंगेतर से फांसी लगाने की बात कही। वीडियो कॉल पर फंदा लगाते हुए भी दिखाया। मंगेतर ने दूसरे फोन से युवती के मां-पिता को फोन कर जानकारी दी। उन्हें बताया कि वह इस तरह की हरकत कर रही है। उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। वे जब घर आए, तो घर खुला हुआ था। युवती पंखे पर फांसी पर लटकी थी। उसे एंबुलेंस से परासिया लाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।