देशभर में गैस के लिए हाहाकार: सरकार का दावा 'सब ठीक है', फिर ₹5000 में क्यों बिक रहा सिलेंडर? कालाबाजारी रोकने के लिए ऐसे करें ऑनलाइन शिकायत

 
देशभर में गैस संकट के बीच ब्लैक मार्केटिंग शुरू, महंगे दाम वसूलने वालों पर होगी जेल। 

ऋतुराज द्विवेदी। भारत के लगभग सभी प्रमुख शहरों में इन दिनों रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत देखी जा रही है। आम उपभोक्ता से लेकर व्यापारिक वर्ग तक, हर कोई एक अदद सिलेंडर के लिए संघर्ष कर रहा है। बुकिंग के हफ़्तों बाद भी डिलीवरी न होना अब एक सामान्य बात हो गई है। इस स्थिति ने बाजार में पैनिक (Panic) पैदा कर दिया है।

कालाबाजारी का खेल: 5 से 8 हजार में बिक रहा सिलेंडर
संकट की इस घड़ी का फायदा कुछ असामाजिक तत्व और भ्रष्ट गैस एजेंसियां उठा रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, जो सिलेंडर ₹900 से ₹1100 के बीच मिलना चाहिए, उसे ब्लैक मार्केट में ₹5,000 से लेकर ₹8,000 तक में बेचा जा रहा है। मजबूर लोग, जिनके घरों में चूल्हा बुझ चुका है, वे अपनी जमा-पूंजी इन कालाबाजारी करने वालों की जेब में डालने को मजबूर हैं।

सरकार का तर्क: क्यों बिगड़ी सप्लाई चेन? 
इतनी भारी किल्लत के बावजूद सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय का दावा है कि "देश में गैस का पर्याप्त स्टॉक है।" सरकार के अनुसार:

  • एक साथ भारी संख्या में लोगों द्वारा पैनिक बुकिंग (Panic Booking) करने से सिस्टम पर दबाव बढ़ा है।
  • सप्लाई चेन में अचानक आए इस असंतुलन के कारण डिलीवरी में देरी हो रही है।
  • हॉडिंग (Hoarding) यानी स्टॉक जमा करने की प्रवृत्ति ने समस्या को और गंभीर बना दिया है।

महंगा गैस बेचने वालों की खैर नहीं: जेल जाने की तैयारी 
प्रशासन ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित मूल्य से एक रुपया भी अधिक वसूलने वाले वेंडर या एजेंसी के खिलाफ 'आवश्यक वस्तु अधिनियम' (Essential Commodities Act) के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसमें भारी जुर्माने के साथ-साथ जेल भेजने का भी प्रावधान है।

शिकायत कैसे दर्ज करें? (स्टेप-बाय-स्टेप गाइड) 
यदि आपकी गैस एजेंसी या कोई वेंडर आपसे अधिक पैसे मांगता है या गैस देने से मना करता है, तो आप चुप न रहें। नीचे दिए गए तरीकों से शिकायत दर्ज करें:

जरूरी जानकारी जो आपको देनी होगी:

  • गैस एजेंसी या दुकान का नाम।
  • लोकेशन (पता)।
  • वसूली जा रही रकम।
  • सबूत के तौर पर फोटो या वीडियो (यदि संभव हो)।

शिकायत के माध्यम:

  • LPG इमरजेंसी/शिकायत नंबर: 1800-11-4000 (टोल फ्री)
  • WhatsApp शिकायत: 8800001915 (इस नंबर पर फोटो/वीडियो और लोकेशन भेजें)

आपकी एक पहल रोक सकती है लूट 
गैस की किल्लत अस्थायी हो सकती है, लेकिन कालाबाजारी एक अपराध है। यदि हम और आप मिलकर जागरूक बनें और इन लुटेरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करें, तो व्यवस्था में सुधार जरूर आएगा। डरें नहीं, सबूत जुटाएं और सरकार तक अपनी बात पहुंचाएं।