कांग्रेस विधायक का आरोप, पूर्व मुख्यमंत्री बोले 35 करोड़ लो व सरकार गिरा दो | RATLAM

 

रतलाम। मध्यप्रदेश में विधायकों के होर्स ट्रैडिंग के आरोप प्रत्यारोप के बीच रतलाम जिले के आलोट से पहली बार विधायक बने मनोज चांवला ने गंभीर आरोप एक पूर्व मुख्यमंत्री पर लगाया है। विधायक मनोज चांवला के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 35 करोड़ रुपए लो व कमलानाथ सरकार को गिरा दो। इस बीच विधायक ने बुधवार को मुख्यमंत्री कमलानाथ से मुलाकात की है व उनको सारे मामले की जानकारी दी है।

जिले के आलोट के विधायक मनोज चावला ने आरोप लगाया है कि एक पूर्व मुख्यमंत्री सभी प्रकार की हरकत करके कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने में लगे है। मीडिया से बात में विधायक ने दावा किया कि उनके पास भी पूर्व सीएम का फोन आया था। पर उन्होंने मिलने से इनकार किया। यह फोन 27 फरवरी को आया था। विधायक के अनुसार कुछ भोले विधायक प्रभाव में आ गए थे जो सब ठीक कर लिया गया है। कल सीएम से मिले थे आज भी मुलाकात है।

यह बोले पूर्व सीएम
विधायक मनोज चांवला के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 35 करोड़ रुपए लो व मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार को गिराने में मदद करो। विधायक मनोज चांवला के अनुसार कुछ विधायक भोले है, वे प्रभाव में आ गए थे, लेकिन जब उनको पता चला कि माफिया के प्रभाव में नुकसान सरकार का होगा, तो उन्होंने तुरंत पार्टी व मुख्यमंत्री कमलनाथ को इस भाजपा व पूर्व मुख्यमंत्री के इस षडयंत्र के बारे में बताया। विधायक मनोज चांवला के अनुसार विधायक मनोज परमार के पास तो सबूत है कि किस तरह से विधायकों की खरीद फरोख्त करने का प्रयास किया गया।

हर विधायक कमलनाथ के साथ
विधायक मनोज चांवला ने बताया कि बुधवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात करके उनको बता दिया गया है कि हर विधायक उनके साथ है, वे राज्य में ताकत से माफिया के खिलाफ अभियान चलाए। असल में यह सब हो ही इसलिए रहा है, क्योंकि कमलनाथ सरकार के आने के बाद 15 वर्ष से चल रहा माफिया राज खत्म हो गया है। अब जिनके राज खत्म हुए उनको समस्या आ रही है। जिले के सैलाना विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने कहा कि विधायक कमलनाथ सरकार के साथ है। जब कोई भी कमलनाथ के साथ नहीं खड़ा रहेगा, तब भी वे अकेले उनके साथ नजर आएंगे।