मुख्यमंत्री कन्यादान योजना : 1212 गरीब कन्याओं के हुए विवाह, 11 हजार रु की राशि और 38 हजार रु की सामग्री प्रदान की गई

 

REWA NEWS : .रीवा जिले में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 1212 गरीब कन्याओं के विवाह कराए गए है। यहां सभी नगरीय निकाय और जनपदों में 11 मार्च से 14 मार्च तक सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए है। ऐसे में एक ​हजार से ज्यादा कन्याओं के हाथ पीले हुए है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से 11 हजार रुपए की राशि और 38 हजार रुपए की सामग्री प्रदान की गई है।

जिसमे के कपड़े, आभूषण एवं अन्य उपहार प्रदान किए गए है। जैसे मंगलसूत्र, पायजेब, बिछिया, कलर टीवी, छत पंखा, दीवार घड़ी, फाइबर 6 कुर्सी, 1 टेबल, रजाई, गद्दा, बर्तन, प्रेशर कूकर, वधु के कपड़े एवं श्रृंगार का सामान दिया गया। परंपरा के अनुसार विवाह की सभी रस्में पूरी कराई गईं। बैंड बाजे व आतिशबाजी सहित धूमधाम से विवाह संपन्न हुआ।

9 जनपदों की स्थिति
कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से सिरमौर जनपद में 175, जवा जनपद में 125, त्योंथर जनपद में 102, नईगढ़ी जनपद में 141 कन्याओं के विवाह संपन्न कराए गए। इसी तरह रीवा जनपद में 158, गंगेव जनपद में 157, मऊगंज जनपद में 135, रायपुर कर्चुलियान जनपद में 135 और हनुमना जनपद में 84 कन्याओं के विवाह हुए।

ये जनप्रति​निध हुए शामिल
जनपद व नगरीय निकायों द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के नईगढ़ी में सांसद जनार्दन मिश्र और विधायक मनगवां पंचूलाल प्रजापति ने नवयुगलों को आशीर्वाद दिया। रीवा नगर निगम द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में रीवा विधायक राजेन्द्र शुक्ल, सेमरिया में आयोजित समारोह में विधायक सेमरिया केपी त्रिपाठी ने नवयुगलों को आशीर्वाद दिया।

दूल्हा व दुल्हन को दिया आशीर्वाद
इसी तरह त्योंथर में आयोजित समारोह में स्थानीय भाजपा विधायक श्यामलाल द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विवाह बंधन में बंधे वर-कन्या को आशीर्वाद दिया। वहीं सिरमौर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में भाजपा विधायक दिव्यराज सिंह और मऊगंज में आयोजित समारोह में विधायक प्रदीप पटेल ने दूल्हा व दुल्हन को आशीर्वाद दिया।

खाना पानी की व्यवस्था शासन ने कराई
बताया गया कि सभी विवाह समारोहों में वर-वधू के परिजनों के भोजन, पानी व आवास की समुचित व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा कराई गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक विवाह समारोहों के लिए आवश्यक प्रबंध किए। इसमें जनप्रतिनिधियों और आमजनों ने भी बढ़चढ़ कर सहयोग किया। जिससे शहर से लेकर गांव तक विवाह आसानी से संपन्न हो गए।