रीवा के मनगवां में बड़ा एक्शन: पति-पत्नी 8 किलो गांजा और 20.80 लाख नकद के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

 

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। (राज्य ब्यूरो) मध्य प्रदेश के रीवा जिले के मनगवां थाना अंतर्गत कुईया खुर्द गांव में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे एक पति-पत्नी को रंगे हाथों धर दबोचा है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनके पास से अवैध मादक पदार्थ के साथ-साथ भारी मात्रा में संदिग्ध नकदी भी बरामद हुई है, जिसने पुलिस की नींद उड़ा दी है।

मंदिर के पास बैग लेकर खड़े थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुईया खुर्द तालाब की मेड़ पर बने मंदिर के पास एक पुरुष और महिला नीले रंग के बैग में गांजा लेकर खड़े हैं। दोनों ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद मनगवां थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

उनके पास नीले रंग का एक बड़ा बैग है जिसमें भारी मात्रा में गांजा भरा हुआ है और वे किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मनगवां थाना पुलिस की टीम एक्टिव हुई और तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही दोनों ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।

भारी मात्रा में गांजा और 20 लाख से अधिक नकदी बरामद
पकड़े गए संदिग्धों की जब्ती और तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए।

गांजा जब्ती: नीले रंग के बैग की तलाशी लेने पर उसके अंदर से कुल 7 किलो 936 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत बाजार में करीब 85 हजार रुपए आंकी गई है।
नकद राशि: आरोपियों के पास से तलाशी के दौरान 20 लाख 80 हजार रुपए नकद भी मिले।
कुल जब्ती: इस प्रकार बरामद गांजे और नकदी की कुल कीमत लगभग 21 लाख 65 हजार रुपए है।

आरोपियों की पहचान और कानूनी कार्रवाई
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुईया कला निवासी द्वारिका पटेल (उम्र 56 वर्ष) और उसकी पत्नी कलावती पटेल (उम्र 50 वर्ष) के रूप में हुई है।

मनगवां थाने में इस मामले के संबंध में अपराध क्रमांक 524/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8 और 20(बी) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। अब पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी कहां से आई और यह अवैध गांजा तस्करी का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।