रीवा: 'धार्मिक रोल प्ले' की आड़ में हवस का खेल, शादीशुदा युवक ने युवती को डेढ़ साल तक लूटा, अब पहुँचा जेल

 

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। रीवा शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जिसने शादी का पवित्र वादा करके एक युवती की अस्मत से खिलवाड़ किया। आरोपी की पहचान करण खटीक के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है।

धार्मिक मंच पर मुलाकात, फिर शुरू हुआ शोषण का खेल 
जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी करण की पहली मुलाकात किसी फिल्म या सामान्य जगह नहीं, बल्कि धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान हुई थी। दोनों मंच पर 'रोल प्ले' (अभिनय) करते थे। इसी दौरान आरोपी ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर नजदीकियां बढ़ाईं।

डेढ़ साल तक ब्लैकमेलिंग और शारीरिक शोषण 
आरोप है कि करण खटीक पिछले डेढ़ साल से युवती का लगातार शारीरिक शोषण कर रहा था। इतना ही नहीं, विरोध करने पर वह उसे ब्लैकमेल भी करता था। पीड़िता लोक-लाज और शादी के भरोसे चुप रही, लेकिन जब आरोपी की असलियत सामने आई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।

शादीशुदा होने के बावजूद दूसरी शादी की रच रहा था साजिश 
पुलिस जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है कि आरोपी करण खटीक पहले से शादीशुदा है। उसकी पत्नी मुंबई में रहती है। इस सच्चाई को छिपाकर वह रीवा में पीड़िता को धोखे में रखे हुए था और गुपचुप तरीके से दूसरी शादी करने की तैयारी में जुटा था।

थाना प्रभारी निशा मिश्रा का बयान: आरोपी सलाखों के पीछे 
जब पीड़िता को ठगे जाने का अहसास हुआ, तो उसने हिम्मत जुटाकर सिटी कोतवाली थाने में अपनी आपबीती सुनाई। थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल FIR दर्ज करवाई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी करण खटीक को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है।