REWA : तेज रफ्तार पल्सर बाइक डिवाइडर टकराई, मौके पर एक की मौत जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल

 

REWA NEWS : रीवा जिले के नईगढ़ी थाना अंतर्गत माडौ मोड़ के पास तेज रफ्तार पल्सर बाइक डिवाइडर से भिड़ गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई है। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। मुख्य मार्ग में हादसे देख स्थानीय लोगों ने तुरंत नईगढ़ी व मऊगंज पुलिस काे सूचना दी। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया है।

जहां मृतक के शव को मऊगंज सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है। जबकि तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उचार के बाद रीवा रेफर कर दिया गया है। संजय गांधी अस्पताल पहुंचे तीनों युवकों की हालत नाजुक बनी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही नईगढ़ी पुलिस माैके पर पहुंची है। जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरे की बाइक में मार रहे थे फर्राटे
शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे के आसपास दूसरे की बाइक में चारों युवक फर्राटे मार रहे थे। चारों एक बाइक में सवार होकर पहले बहुती जलप्रपात घूमने गए। वहां से मौज मस्ती कर घर लौट रहे थे। वे मऊगंज-चाकघाट रोड के रास्ते नईगढ़ी से लौट रहे थे। रास्ते माडौ मोड़ के पास दुर्घटना का शिकार हो गए। कहते है कि बेकाबू बाइक डिवाइडर से भिड़ी है।

इनकी गई जान
मऊगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे में राजू कोल पुत्र विदेशी कोल निवासी वार्ड नंबर 14 घुरेहटा मऊगंज की मौत हो गई है। वहीं रोशन कोल पुत्र जय लाल कोल, गोलई कोल पुत्र किनका कोल और आरजू कोल पुत्र इंद्रलाल कोल गंभीर रूप से घायल है। चर्चा है कि तीनों घायलों की हालत नाजुक है। मृतक परिवार के घर में मातम है।