Rewa- Mumbai के बीच अब रेगुलर ट्रेन का जलवा, स्पेशल ट्रेन की 'लेट-लतीफी' से मिली मुक्ति, जानें नया टाइम-टेबल
ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। विंध्य क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। रीवा जिले की झोली में एक और बड़ी उपलब्धि आई है। रीवा से मुंबई के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को अब 15वीं रेगुलर ट्रेन के रूप में तब्दील कर दिया गया है। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल और सांसद जनार्दन मिश्रा गुरुवार को दोपहर 3.50 बजे इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
वर्षों की मांग हुई पूरी: स्पेशल ट्रेन के झंझट से मुक्ति
रीवा-मुंबई स्पेशल ट्रेन को रेगुलर करने की मांग पिछले चार वर्षों से की जा रही थी। स्पेशल ट्रेन होने के कारण यात्रियों को दो बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता था:
- अत्यधिक किराया: स्पेशल ट्रेनों का किराया रेगुलर ट्रेनों की तुलना में काफी ज्यादा होता था।
- लेट-लतीफी: परिचालन में प्राथमिकता न मिलने के कारण यह ट्रेन अक्सर घंटों लेट चलती थी।
अब रेगुलर होने के बाद यात्रियों को कम किराए में सुपरफास्ट स्पीड का अनुभव मिलेगा।
रवानगी का समय और शेड्यूल
यह ट्रेन अब हर गुरुवार को दोपहर (अपराह्न) 3.50 बजे रीवा रेलवे स्टेशन से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (मुंबई) के लिए रवाना होगी। सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन के रवाना होने से पहले स्टेशन पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के दिग्गज नेता शामिल होंगे।
प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 से होगी रवानगी
विशेष बात यह है कि रीवा-मुंबई रेगुलर ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-1 से रवाना की जाएगी। इसी वजह से गुरुवार को आनंद विहार सुपरफास्ट ट्रेन के प्लेटफॉर्म में बदलाव किया गया है, वह प्लेटफॉर्म नंबर-2 से रवाना होगी। कार्यक्रम की सभी तैयारियां प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पूरी कर ली गई हैं।
रीवा स्टेशन बना विंध्य का रेल हब
इस नई ट्रेन के जुड़ने के साथ ही रीवा से चलने वाली नियमित ट्रेनों की संख्या अब 15 पहुंच गई है। रीवा से वर्तमान में इन प्रमुख शहरों के लिए ट्रेनें संचालित हैं:
- दिल्ली (आनंद विहार), राजकोट, एकता नगर (केवडिया)
- जबलपुर, कमलापति (भोपाल), बिलासपुर, चिरमिरी, इतवारी (वाया छिंदवाड़ा/बालाघाट)
- अंबेडकर नगर, वंदे भारत और अब मुंबई (CSMT)
विंध्यवासियों के लिए मुंबई की सीधी और नियमित कनेक्टिविटी व्यापार और चिकित्सा के लिहाज से एक मील का पत्थर साबित होगी।