इश्क... जुनून और फिर दरिंदगी! रीवा में युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल? रोंगटे खड़े कर देगा अंदर का नजारा

 

रीवा। जिले के नौबस्ता चौकी अंतर्गत सकरवट गाँव में शनिवार की रात 'इश्क' और 'इंसाफ' के नाम पर कानून की धज्जियां उड़ा दी गईं। एक युवक को प्रेम प्रसंग के शक में न केवल घर के अंदर कैद किया गया, बल्कि उसे रस्सियों से बांधकर घंटों तक लाठी-डंडों से पीटा गया। अगर वक्त पर पुलिस न पहुँचती, तो इस 'खूनी खेल' का अंत और भी भयानक हो सकता था।

जाल बिछाकर बुलाया और फिर गिरा दिया मौत का शटर
सूत्रों के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि युवक को एक महिला ने फोन कर अपने घर बुलाया था। जैसे ही युवक घर के अंदर पहुँचा, महिला के परिजनों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने आव देखा न ताव, घर का लोहे का शटर नीचे गिरा दिया और युवक को मौत के साए में धकेल दिया।

घंटों तक चली लाठियां, चीखता रहा युवक
बंद कमरे के अंदर युवक को रस्सियों से हाथ-पैर बांधकर जानवरों की तरह पीटा गया। युवक की चीखें दीवारें फांदकर बाहर तक आईं, जिसे सुनकर पड़ोसियों और युवक के परिजनों के होश उड़ गए। जब परिजनों ने युवक को छुड़ाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने दरवाजा खोलने से साफ इनकार कर दिया।

पुलिस का 'एक्शन अवतार': शटर तोड़कर अंदर घुसी टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन चोरहटा थाना और नौबस्ता चौकी को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने जब घर के अंदर घुसने की कोशिश की, तो परिजनों ने विरोध किया। अंत में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए शटर का ताला तोड़ दिया। अंदर का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए—युवक खून से लथपथ, रस्सियों में जकड़ा हुआ फर्श पर पड़ा तड़प रहा था।

संजय गांधी अस्पताल में इलाज जारी
पुलिस ने तुरंत युवक को मुक्त कराया और आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए संजय गांधी अस्पताल (SGMH) भेजा। डॉक्टरों के अनुसार युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है।

कानून हाथ में लेना पड़ेगा भारी
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मामला चाहे प्रेम प्रसंग का हो या किसी और विवाद का, किसी को भी घर में बंधक बनाकर मारपीट करने का हक नहीं है। पुलिस उन सभी लोगों की पहचान कर रही है जो इस तालिबानी सजा में शामिल थे।