Rewa News : बीहर किनारे ईद की रौनक: रीवा में बकरीद पर दुआओं का दौर, गले मिलकर दी मुबारकबाद
रीवा। शुक्रवार को रीवा में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार पूरे हर्षोल्लास और शांति के साथ मनाया गया। बीहर नदी के तट पर स्थित मुख्य ईदगाह घोघर में हजारों मुस्लिम श्रद्धालुओं ने शहर काजी मुफ्ती मुहम्मद मुबारक अजहरी की इमामत में नमाज अदा की।
अमन-चैन की दुआ
नमाज के बाद, लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और शहर में अमन-चैन बनाए रखने के लिए दुआएं मांगी। शरीअत हिलाल तस्दीक कमेटी के सचिव एडवोकेट महमूद खान ने बताया कि कुर्बानी और भाईचारे का यह पर्व पूरी शांति और सद्भाव से मनाया गया।
शहर भर की मस्जिदों में नमाज
मुख्य ईदगाह के अतिरिक्त, शहर की बड़ी दरगाह, छोटी दरगाह, शाही ईदगाह बिछिया, नूरानी जामा मस्जिद सहित कई अन्य मस्जिदों में भी ईद की नमाज का आयोजन किया गया। केंद्रीय जेल में मुस्लिम बंदियों ने भी ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
त्योहार के मद्देनजर, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। गुरुवार रात को पुलिस ने शहर में पैदल मार्च निकाला था और शुक्रवार को संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।