Rewa News : दहल उठा रीवा! प्रयागराज से लौट रहे श्रद्धालुओं को रौंदा, सोहागी घाटी में भीषण हादसे ने ली 7 जानें

 

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा। रीवा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 लोगों की जान चली गई, जब सीमेंट पिलर से लदा एक बल्कर ट्रक एक ऑटो पर पलट गया। मरने वालों में 4 बच्चे, एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। इस भीषण दुर्घटना में 3 लोग घायल भी हुए हैं।

हादसे में जान गंवाने वाले 7 लोग:

  1. रामजीत जायसवाल (38) - निवासी भमरा, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज
  2. पिंकी जायसवाल (35) - निवासी भमरा, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज
  3. अंबिका जायसवाल (8) - निवासी भमरा, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज
  4. हीरालाल जायसवाल (65) - निवासी भमरा, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज
  5. कुमारी मानवी जायसवाल (7) - निवासी बहेरी, थाना देवतालाब, जिला मऊगंज
  6. अरविंद जायसवाल (6) - निवासी बहेरी, थाना देवतालाब, जिला मऊगंज
  7. सौरभ जायसवाल (12) - निवासी उमरी, थाना मऊगंज, जिला मऊगंज

घायल हुए 3 लोग:

  1. रविता जायसवाल - निवासी बहेरी, थाना देवतालाब, जिला मऊगंज
  2. कुमारी अदिति जायसवाल (5) - निवासी भमरा, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज
  3. प्रियांशु जायसवाल (10) - निवासी भमरा, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के अनुसार, यह भीषण घटना यूपी-एमपी बॉर्डर पर सोहागी घाटी में हुई। ऑटो में कुल 10 लोग सवार थे, जो सभी मऊगंज के नई गढ़ी के रहने वाले थे और प्रयागराज से गंगा स्नान कर लौट रहे थे। बल्कर ट्रक भी प्रयागराज से रीवा की ओर आ रहा था। सोहागी घाटी से गुजरते वक्त ट्रक ने ऑटो को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी वह अनियंत्रित होकर ऑटो के ऊपर पलट गया।

मृतकों और घायलों की स्थिति:

हादसे में 7 लोगों की जान चली गई। इनमें से 4 लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। शेष 2 लोगों की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हुई।

सड़क पर लगा लंबा जाम:

एडिशनल एसपी विवेक लाल ने बताया कि हादसे के कारण सोहागी पहाड़ से टोल प्लाजा तक करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सीमेंट के पिलर सड़क पर बिखर गए थे। आधे घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।