रीवा: शौक-ए-लग्जरी ने बनाया 'ड्रग तस्कर', फोटोग्राफी छोड़ कार में बेचने लगा नशा, 285 शीशी जब्त
ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। नशे के खिलाफ रीवा पुलिस का अभियान 'प्रहार' लगातार जारी है। इसी कड़ी में समान थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद की है, जिसे वह अपनी महंगी गाड़ी में छिपाकर सप्लाई करने की फिराक में था।
फोटोग्राफी की रील से नशे की डील तक का सफर
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धीरज चिकवा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गोविंदगढ़ का निवासी है और वर्तमान में बिछिया थाना क्षेत्र के सामने रहता है। जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है—धीरज पहले शादियों और कार्यक्रमों में फोटोग्राफी का काम करता था। लेकिन कम समय में अमीर बनने और लग्जरी जीवन जीने की सनक ने उसे कैमरे की दुनिया से निकालकर 'नशे की काली दुनिया' का हिस्सा बना दिया।
लग्जरी कार में चलता था 'नशे का शोरूम'
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी। वहाँ खड़ी उसकी लग्जरी कार की जब तलाशी ली गई, तो पुलिस दंग रह गई। गाड़ी के भीतर 285 शीशी नशीली कफ सिरप छिपाकर रखी गई थी। आरोपी ने अपनी कार को ही 'मूविंग गोडाउन' बना लिया था, जिससे वह गोविंदगढ़ मार्ग और आसपास के इलाकों में नशा सप्लाई करता था।
पुलिस रडार पर था पुराना 'खिलाड़ी'
धीरज चिकवा कोई नया नाम नहीं था। दिसंबर माह में हुई एक अन्य एनडीपीएस (NDPS) कार्रवाई में भी उसका नाम पुलिस के सामने आया था। तब से ही पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। शातिर तस्कर लंबे समय से चकमा दे रहा था, लेकिन इस बार पुलिस की घेराबंदी ने उसे सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
सीएसपी राजीव पाठक का बयान: नेटवर्क पर पैनी नजर
कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि आरोपी के पास से नशीली सिरप और तस्करी में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस केवल धीरज तक ही सीमित नहीं रहेगी; उससे पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन के मुख्य सरगनाओं की तलाश की जा रही है।