बड़े कांड के बाद भी नहीं सुधरा SGMH! घायल युवक से डॉक्टर-गार्डों ने की मारपीट, बाल पकड़कर पीटने का आरोप : वीडियो वायरल
ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। (राज्य ब्यूरो) रीवा। संजय गांधी अस्पताल (SGMH) में इलाज कराने पहुंचे घायल युवक ने डॉक्टरों और सुरक्षा गार्डों पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, मनगवां थाना क्षेत्र के आलमगंज में जमीन विवाद के दौरान घायल शयन द्विवेदी को परिजन इलाज के लिए SGMH लेकर पहुंचे थे। युवक का आरोप है कि डॉक्टर चोटों के बारे में जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान बातचीत को लेकर विवाद बढ़ गया और डॉक्टरों व सुरक्षा गार्डों ने उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की। युवक ने बाल खींचने का भी आरोप लगाया है।
वीडियो बनाने वाले युवक से भी मारपीट का आरोप
घटना के दौरान एक अन्य युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था। आरोप है कि वीडियो बनाए जाने की जानकारी होने के बाद उसके साथ भी मारपीट की गई। घटना के वीडियो में अस्पताल परिसर में हाथापाई का दृश्य दिखाई दे रहा है।
बड़े घटनाक्रमों के बाद भी वही सवाल
SGMH में पहले भी मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में ताजा घटना ने फिर सवाल खड़ा किया है कि बड़े विवादों और जांचों के बाद भी अस्पताल की व्यवस्था में कितना सुधार हुआ? अस्पताल में मरीज या परिजन की ओर से कोई विवाद हो तो उसे नियंत्रित करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया होनी चाहिए।
यदि किसी कर्मचारी की गलती है तो कार्रवाई हो और यदि मरीज की ओर से नियम तोड़े गए हैं तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कदम उठाया जाए। फिलहाल युवक के आरोपों पर अस्पताल प्रबंधन और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। CCTV फुटेज, वीडियो और दोनों पक्षों के बयान की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।