"विन्ध्य का विजयघोष: रीवा से रायपुर के लिए उड़ा पहला विमान! पहली ही फ्लाइट 'Housefull', डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल का रायपुर में होगा 'शाही' स्वागत!"

 

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। विंध्य क्षेत्र के विकास की उड़ान अब बादलों के पार पहुंच गई है। मंगलवार, 17 मार्च 2026 का दिन रीवा के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया, जब रीवा एयरपोर्ट से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लिए पहली बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा का शुभारंभ हुआ। खास बात यह रही कि विंध्यवासियों के उत्साह ने पहले ही दिन रिकॉर्ड बना दिया—72 सीटों वाले विमान की सभी टिकटें उड़ान से पहले ही 'हाउसफुल' हो गईं।

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल का 'सफर' और सीएम मोहन यादव की 'वर्चुअल' मौजूदगी
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए रीवा एयरपोर्ट पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने हरी झंडी दिखाकर सेवा की शुरुआत की और स्वयं पहली उड़ान के यात्री बनकर रायपुर के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस कार्यक्रम में भोपाल से वर्चुअल माध्यम से जुड़े और विंध्यवासियों को इस बड़ी सौगात की बधाई दी।

रायपुर में 'वाटर कैनन' से होगा शाही स्वागत
जब एलायंस एयर (Alliance Air) का यह 72 सीटर विमान रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर लैंड करेगा, तो वहां इसका भव्य स्वागत किया जाएगा। विमानन परंपरा के अनुसार, विमान को 'वाटर कैनन सैल्यूट' दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों की टीम रायपुर में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल और विंध्य के पहले यात्रियों का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद रहेगी।

दिल्ली-इंदौर के बाद अब रायपुर: रीवा बना कनेक्टिविटी का केंद्र
रीवा एयरपोर्ट अब प्रदेश के प्रमुख हवाई केंद्रों में शामिल हो गया है। दिल्ली और इंदौर के लिए पहले से ही संचालित उड़ानों के बाद अब रायपुर जुड़ने से विंध्य और छत्तीसगढ़ का रिश्ता और मजबूत होगा।

समय की बचत: घंटों के सड़क और रेल सफर की जगह अब यात्री महज कुछ मिनटों में रायपुर पहुंच सकेंगे।
व्यापारिक लाभ: रीवा और रायपुर के व्यापारियों के लिए यह सेवा वरदान साबित होगी।
स्वास्थ्य और शिक्षा: रायपुर जाने वाले मरीजों और छात्रों के लिए आवागमन अब बेहद आसान हो गया है।

अगली तैयारी कोलकाता की: रुकने वाला नहीं है विकास का पहिया
प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो रीवा एयरपोर्ट से जल्द ही कोलकाता के लिए भी हवाई सेवा शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने संकेत दिए हैं कि विंध्य की कनेक्टिविटी को देश के हर बड़े महानगर से जोड़ना उनका लक्ष्य है।

रेल और सड़क के थकाऊ सफर से बड़ी राहत
रायपुर जाने के लिए अब तक लोगों को रात भर का सफर करना पड़ता था, लेकिन शाम 4:55 बजे रीवा से उड़ान भरकर यात्री चंद घंटों में ही छत्तीसगढ़ की राजधानी में होंगे। इस सीधी कनेक्टिविटी से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।