TRS कॉलेज बना 'रील' का अड्डा: पढ़ाई छोड़ गलियारों में थिरक रही छात्राएं, प्राचार्य अर्पिता अवस्थी का बड़ा एक्शन! साइंस विभाग की छात्राएं अब प्रशासन के रडार पर

 
रीवा के TRS कॉलेज में क्लासरूम और गलियारों में रील बनाने का वीडियो वायरल। प्राचार्य अर्पिता अवस्थी ने छात्राओं को चिन्हित कर अनुशासनिक कार्रवाई के दिए निर्देश।

ऋतुराज द्विवेदी, रीवा/भोपाल। रीवा का ऐतिहासिक ठाकुर रणमत सिंह (T.R.S.) महाविद्यालय इन दिनों अपनी शिक्षा के बजाय सोशल मीडिया पर वायरल हो रही 'रील्स' की वजह से चर्चा में है। कॉलेज परिसर, जो कभी अपनी उच्च शैक्षणिक परंपरा के लिए जाना जाता था, अब छात्र-छात्राओं के लिए रील बनाने का स्टूडियो बनता जा रहा है।

Rewa News Media की पड़ताल में सामने आया है कि कॉलेज के गलियारों, क्लासरूम और सुनसान कोनों में फिल्मी गानों पर वीडियो शूट किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक के बाद एक वायरल हो रहे इन वीडियो ने महाविद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र पढ़ाई की जगह मोबाइल कैमरों के सामने ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं, जिससे कॉलेज के शैक्षणिक माहौल पर बुरा असर पड़ रहा है।

प्राचार्य अर्पिता अवस्थी का सख्त रुख: 'कॉलेज मनोरंजन का केंद्र नहीं'
इस गंभीर मामले पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अर्पिता अवस्थी ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि महाविद्यालय केवल और केवल शिक्षा के लिए है, मनोरंजन या रीलबाजी के लिए यहाँ कोई जगह नहीं है। प्राचार्य ने इसे अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा है और स्पष्ट किया है कि कॉलेज परिसर में इस तरह की गतिविधियों की कतई अनुमति नहीं दी जाएगी।

साइंस विभाग की छात्राएं रडार पर: वीडियो के आधार पर होगी पहचान
वायरल हुए ताजा वीडियो के विश्लेषण के बाद प्राचार्य ने बताया कि इसमें दिखाई देने वाली लड़कियां विज्ञान (Science) विभाग की छात्राएं प्रतीत हो रही हैं। उनकी कॉलेज ड्रेस और रील बनाने के स्थान (सीएचई कक्ष के पिछला हिस्सा) से उनकी पहचान लगभग पुख्ता हो गई है। प्राचार्य ने स्वीकार किया कि उन्हें पहले इन गतिविधियों की जानकारी नहीं थी, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद अब प्रशासन एक्शन मोड में है।

अनुशासन का उल्लंघन: चिन्हित छात्रों पर गिरेगी कार्रवाई की गाज
कॉलेज प्रबंधन अब उन सभी छात्र-छात्राओं की सूची तैयार कर रहा है जो वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। प्राचार्य ने आश्वासन दिया है कि अनुशासन समिति के माध्यम से इन छात्रों को नोटिस जारी किया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह कदम अन्य छात्रों के लिए एक नजीर बनेगा ताकि भविष्य में कोई भी कॉलेज की गरिमा के साथ खिलवाड़ न करे।

घटनाक्रम पर एक नज़र
हालिया स्थिति: सोशल मीडिया पर टीआरएस कॉलेज के मल्टीपल रील वीडियो वायरल।
पहचान: साइंस विभाग की छात्राओं के रूप में चिन्हित।
प्रबंधन का कदम: पहचान कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी।
चेतावनी: कॉलेज में रील बनाने पर पूर्ण प्रतिबंध।