Rewa Zila Panchayat Transfer: न जनता खुश थी न कर्मचारी, जानिए कैसे रीवा से रफा-दफा हुए सीईओ मेहताब सिंह, जाते-जाते फाइलें निपटाने में जुटे पूर्व CEO

 

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। (राज्य ब्यूरो) रीवा जिला पंचायत में लंबे समय से प्रशासनिक शिथिलता और फाइलों के अटके रहने से परेशान जनप्रतिनिधियों और आम जनता को आखिरकार बड़ी राहत मिली है। राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के अधिकारी और तत्कालीन जिला पंचायत सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर का स्थानांतरण कर दिया गया है।

उनकी कार्यप्रणाली को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों और जिला पंचायत के विकास कार्यों में आई सुस्ती के बाद शासन ने उन्हें हटा दिया है। उनकी जगह 2019 बैच की तेजतर्रार आईएएस अधिकारी सृष्टि देशमुख गौड़ा को रीवा जिला पंचायत का नया मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने पकड़ा था कारनामा: औचक निरीक्षण में जब्त हुई थीं लंबित फाइलें
मेहताब सिंह गुर्जर की कार्यशैली को लेकर तत्कालीन रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सख्त रुख अपनाया था। अपने औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला पंचायत दफ्तर में बड़े पैमाने पर फाइलों का अंबार और प्रशासनिक लापरवाही पकड़ी थी।

फाइलों की जब्ती: निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि कई महत्वपूर्ण जनहितैषी योजनाओं की फाइलें महीनों से बिना किसी वाजिब कारण के लंबित रखी गई थीं, जिन्हें मौके पर ही जब्त किया गया था।
परिसर में अव्यवस्था: दफ्तर परिसर में फैली गंदगी और रख-रखाव की कमी को लेकर भी तत्कालीन कलेक्टर ने सीईओ को कड़ी फटकार लगाई थी, हालांकि इसके बावजूद कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं दिखा।

सदस्यों से लेकर कर्मचारियों तक में नाराजगी: विकास कार्य पड़े रहे ठप
जिला पंचायत सीईओ के रूप में मेहताब सिंह गुर्जर का कार्यकाल काफी विवादित माना जा रहा है। उनके कार्यकाल के दौरान न केवल जिला पंचायत सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि असंतुष्ट रहे, बल्कि मैदानी कर्मचारी भी कार्यप्रणाली से त्रस्त थे।
ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास से जुड़ी योजनाएं फाइलों के जाल में उलझकर रह गईं। किसी भी शिकायत या जांच प्रक्रिया में महीनों का समय लगाना और निर्णय न ले पाना उनकी कार्यशैली की पहचान बन चुका था।

लूप लाइन में तबादला: अब भोपाल में पदस्थ, आईएएस सृष्टि देशमुख गौड़ा संभालेंगी कमान
तबादला सूची में सबसे ध्यानाकर्षण वाली बात यह रही कि जहां अन्य राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को जिलों में ही मैदानी पदस्थापनाएं दी गईं, वहीं मेहताब सिंह गुर्जर को शासन ने भोपाल मंत्रालय की लूप लाइन में भेज दिया है। उन्हें उप सचिव, मध्य प्रदेश शासन (खनिज साधन विभाग, भोपाल) के पद पर भेजा गया है। अब रीवा जिला पंचायत की कमान खंडवा से स्थानांतरित होकर आ रहीं आईएएस सृष्टि देशमुख गौड़ा संभालेंगी, जिससे अटके हुए कार्यों में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

राज्य प्रशासनिक अधिकारियों का फेरबदल
सामान्य प्रशासन विभाग (कार्मिक) द्वारा जारी आदेश में चार राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं:

  • मेहताब सिंह गुर्जर: सीईओ जिला पंचायत रीवा से उप सचिव, खनिज साधन विभाग, भोपाल।
  • अनुपमा चौहान: सीईओ जिला पंचायत शाजापुर से अपर कलेक्टर, हरदा।
  • शैलेन्द्र सिंह सोलंकी: सीईओ जिला पंचायत सीधी से सीईओ जिला पंचायत, शाजापुर।
  • गणेश कुमार जायसवाल: अपर संचालक जनसंपर्क संचालनालय भोपाल से सीईओ जिला पंचायत, बैतूल।