Rewa Breaking : रीवा के 'मर्डर केस' आरोपी का भोपाल में खूनी अंजाम: बीच सड़क पर नकाबपोशों ने हथौड़ों से सिर कुचला, कोलार में मचा बवाल!

 
fgfg

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का कोलार इलाका रविवार सुबह करीब 11 बजे गोलियों की गूँज से नहीं, बल्कि हथौड़ों और सब्बल की चीख से दहल उठा। रीवा के चोरहटा क्षेत्र का चर्चित निगरानी बदमाश कुलदीप सिंह, जो हत्या समेत 12 गंभीर मामलों में आरोपी है, अपनी डेंटिस्ट मंगेतर से मिलने भोपाल आया था। उसे क्या पता था कि उसकी खुशियों की रेकी की जा रही है। रविवार की सुबह जैसे ही वह नेताजी हिल्स के पास अपनी कार से निकला, मौत ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।

फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी: बिना नंबर की गाड़ियाँ और नकाबपोश जल्लाद
वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि पुलिस भी हैरान है। कुलदीप की कार के आगे और पीछे बिना नंबर प्लेट की दो गाड़ियाँ अचानक आकर रुकीं। नकाबपोश बदमाश निकले और उन्होंने कार के कांच तोड़कर कुलदीप को बाहर घसीटा। चश्मदीदों के मुताबिक, बदमाशों के पास हथौड़े, लोहे के सब्बल और डंडे थे। उन्होंने कुलदीप को तब तक पीटा जब तक वह बेसुध नहीं हो गया। बेरहमी की हद यह थी कि बदमाशों ने विशेष रूप से उसके हाथ और पैरों को हथौड़ों से कुचल दिया, ताकि वह दोबारा खड़ा न हो सके।

शर्मनाक: भीड़ बनाती रही वीडियो, एक अकेली युवती बदमाशों से भिड़ गई
इस पूरी घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। जहाँ एक तरफ राजधानी के लोग तमाशबीन बनकर अपने मोबाइल से वीडियो शूट कर रहे थे, वहीं समाज की संवेदनहीनता के बीच एक युवती 'शेरनी' की तरह खड़ी रही। वीडियो में दिख रहा है कि एक बहादुर युवती लगातार हमलावरों को ललकार रही है और उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है। उसकी हिम्मत के आगे बदमाश भी सहम गए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

11 दिन बाद होनी थी सगाई, अब अस्पताल में मौत से जंग
कुलदीप सिंह का जीवन अपराध और रंजिशों के बीच फंसा था, लेकिन वह एक नई शुरुआत करने वाला था। 6 फरवरी को उसकी सगाई होने वाली थी। वह अपनी होने वाली पत्नी (जो डेंटिस्ट है) से मिलने आया था। जिस घर में शहनाइयाँ बजने वाली थीं, वहां अब मातम और सन्नाटा है। घायल कुलदीप को बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

रीवा से जबलपुर तक फैला आपराधिक साम्राज्य: क्या यह 'गैंगवार' है?
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, कुलदीप सिंह कोई साधारण युवक नहीं है। रीवा के चोरहटा थाने में वह एक लिस्टेड 'निगरानी बदमाश' है। उस पर रीवा और जबलपुर के अलग-अलग थानों में हत्या, रंगदारी, मारपीट, बलवा और अवैध हथियारों के 12 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस को शक है कि रीवा की किसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए हमलावर भोपाल तक उसका पीछा करते हुए आए थे। बदमाशों को पता था कि कुलदीप यहाँ अकेला और निहत्था होगा।

पुलिस की थ्योरी: सुनियोजित रेकी और साजिश
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के अनुसार, यह हमला अचानक नहीं हुआ। बदमाशों ने कई दिनों तक कुलदीप की रेकी (Surveillance) की थी। उन्हें पता था कि वह कब अपनी मंगेतर से मिलने निकलता है। फिलहाल पुलिस ने रीवा पुलिस से संपर्क साधा है और कुलदीप के दुश्मनों की लिस्ट तैयार की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बिना नंबर की गाड़ियों का सुराग मिल सके।

Related Topics

Latest News