सगाई से 11 दिन पहले खूनी साजिश: भोपाल में रीवा के 'निगरानी बदमाश' पर हथौड़ों से हमला, मंगेतर के सामने तोड़े हाथ-पैर

 
dggfgfg

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का पॉश इलाका कोलार रविवार सुबह चीख-पुकार और हिंसा का गवाह बना। यहाँ सरेआम सड़क पर एक युवक की घेराबंदी कर उसे मौत के घाट उतारने की कोशिश की गई। घायल युवक की पहचान रीवा के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। हमला इतना बर्बर था कि हमलावरों ने हथौड़े और सब्बल का इस्तेमाल कर उसके शरीर की हड्डियां तक तोड़ दीं।

हथौड़े और सब्बल से वार: रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात 
रविवार सुबह करीब 11 बजे कुलदीप सिंह अपनी कार से जा रहा था। कोलार इलाके में बिना नंबर की दो कारों ने उसे आगे और पीछे से ब्लॉक कर दिया। इससे पहले कि कुलदीप कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उसे कार से बाहर खींच लिया। हमलावरों के हाथों में हथौड़े, सब्बल और मोटे डंडे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने कुलदीप के हाथ और पैरों को निशाना बनाया और उन्हें हथौड़ों से तब तक कुचला जब तक वह बेसुध होकर गिर नहीं गया। आरोपियों ने उसकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की और मौके से फरार हो गए।

कौन है कुलदीप सिंह? रीवा का हिस्ट्रीशीटर और 12 मुकदमों का आरोपी
जांच में सामने आया है कि घायल कुलदीप सिंह कोई साधारण युवक नहीं, बल्कि रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र का एक निगरानीशुदा बदमाश (History-sheeter) है। कुलदीप पर हत्या, रंगदारी (Extortion), मारपीट, बलवा और अवैध हथियार रखने के 12 गंभीर मामले दर्ज हैं।

वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। जानकारी के अनुसार, वह कोलार के नेताजी हिल्स में रहने वाली अपनी डेंटिस्ट मंगेतर से मिलने भोपाल आया था। आगामी 6 फरवरी को उनकी सगाई होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही पुरानी रंजिश ने उसे घेर लिया।

तमाशबीन बने लोग: वीडियो बनाते रहे, पर बचाने कोई नहीं आया 
इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि जब बदमाश कुलदीप को बेरहमी से पीट रहे थे, तब वहां मौजूद लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त थे। किसी ने भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई। हालांकि, वायरल वीडियो में एक युवती हमलावरों को ललकारती और रोकने की कोशिश करती नजर आ रही है, जिसे कुलदीप की मंगेतर बताया जा रहा है। बदमाशों के जाने के बाद स्थानीय लोगों ने उसे बंसल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस की जांच: पुरानी रंजिश या रेकी का नतीजा?
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के मुताबिक, वारदात के तरीके से साफ है कि हमलावरों ने पूरी योजना (Planning) के साथ हमला किया था। बदमाशों ने कुलदीप की लोकेशन की रेकी की थी और उसे भोपाल में ट्रैक कर रहे थे। पुलिस को अंदेशा है कि यह हमला रीवा या जबलपुर के किसी पुराने विवाद या गैंगवार का परिणाम हो सकता है।

पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज 
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही हैं ताकि बिना नंबर की कारों और हमलावरों की पहचान की जा सके। रीवा पुलिस से भी कुलदीप के पुराने दुश्मनों की जानकारी साझा करने को कहा गया है।

Related Topics

Latest News