आत्महत्या या सोची-समझी हत्या? कोमल सोनकर की मौत से दहला रीवा, ससुराल वालों की 'दहेज वाली डिमांड' ने छीनी मासूम की सांसें
ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक बार फिर मानवता को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जवा थाना अंतर्गत चांदी गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका का शव घर के भीतर फांसी के फंदे पर लटका पाया गया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का संगीन आरोप लगाया है।
शादी के चार साल बाद खौफनाक अंत: क्या थी पूरी कहानी?
घटना की पृष्ठभूमि चार साल पहले शुरू हुई थी। पनवार थाना क्षेत्र के ग्राम बहुती निवासी रामकुमार सोनकर ने अपनी बेटी कोमल का विवाह बड़े अरमानों के साथ जवा के चांदी गांव निवासी बालेंद्र सोनकर से किया था। शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन जैसे ही कोमल का पति बालेंद्र आजीविका और बेहतर भविष्य की तलाश में घर से बाहर (परदेस) गया, पीछे से कोमल के लिए ससुराल 'नर्क' बन गया।
दहेज की मांग और मानसिक प्रताड़ना: मायके वालों का बयान
कोमल के पिता और भाइयों का आरोप है कि पति की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार दहेज के लिए तंग कर रहे थे। पैसों और अन्य सामानों की मांग को लेकर उसे मानसिक रूप से तोड़ा जा रहा था। मंगलवार को जब कोमल की मौत की खबर मायके पहुँची, तो वहां कोहराम मच गया। परिजनों का साफ कहना है कि उनकी बेटी कभी खुदकुशी नहीं कर सकती; उसे मारकर फंदे पर लटकाया गया है।
हत्या या आत्महत्या? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही जवा थाना प्रभारी कमलेश साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध है, लेकिन मौत की असली वजह—दम घुटने से हुई या चोट के कारण—यह केवल पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट ही स्पष्ट कर पाएगी।
कानूनी शिकंजा: पुलिस ले रही है दोनों पक्षों के कथन
थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतका के मायके वालों और ससुराल पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या या उकसाने के सबूत मिलते हैं, तो दोषियों के खिलाफ दहेज हत्या (Dowry Death) की धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।