वर्दी की मर्यादा या रील का शौक? रीवा यातायात प्रभारी अनिमा शर्मा ने सरेआम उड़ाईं DGP के आदेशों की धज्जियां

 
fdgh

ऋतुराज द्विवेदी,रीवा/भोपाल। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) के सख्त निर्देश हों या पुलिस मैनुअल की मर्यादा, रीवा में रील का 'नशा' खाकी पर हावी होता दिख रहा है। ताजा मामला शहर की यातायात थाना प्रभारी अनिमा शर्मा से जुड़ा है, जिन्होंने ड्यूटी के दौरान सरकारी वाहन में फिल्मी गानों पर रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर परोस दिया है। यह वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

क्या भूल गईं अंकिता मिश्रा कांड का सबक?
अभी कुछ ही महीने बीते हैं जब महिला थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा के फिल्मी गानों पर बनाए गए वीडियो ने पूरे प्रदेश में बवाल मचाया था। उस घटना के बाद पुलिस विभाग की काफी किरकिरी हुई थी, जिसके बाद खुद डीजीपी ने लिखित आदेश जारी कर सख्त हिदायत दी थी कि "ड्यूटी के दौरान या वर्दी पहनकर किसी भी प्रकार की रील या आपत्तिजनक वीडियो बनाना अनुशासनहीनता माना जाएगा और कड़ी कार्रवाई होगी।" लेकिन लगता है मैडम अनिमा शर्मा के लिए ये आदेश सिर्फ कागजी टुकड़ा बनकर रह गए हैं।

जनता जाम में परेशान, मैडम रील में मगन
विंध्य की हृदय स्थली रीवा में यातायात व्यवस्था की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। शहर के मुख्य चौराहों पर लोग घंटों जाम में फंस रहे हैं, गाड़ियों की लंबी कतारें पुलिस की सक्रियता का इंतजार करती हैं। लेकिन जब यातायात की कमान संभालने वाली प्रभारी खुद सरकारी गाड़ी में बैठकर फिल्मी धुनों पर वीडियो बनाने और अपनी पर्सनल आईडी पर पोस्ट करने में व्यस्त हों, तो शहर की सड़कों पर अराजकता फैलना स्वाभाविक है।

वर्दी का रौब या सिर्फ दिखावा?
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह ड्यूटी की कसमों को किनारे रखकर वर्दी का इस्तेमाल 'लाइक्स' और 'व्यूज' बटोरने के लिए किया जा रहा है। आम जनता का सवाल है कि क्या वर्दी की चमक सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित है? जब शहर को सुचारू यातायात की जरूरत है, तब मैडम का फोकस वीडियो एडिटिंग और फिल्मी गानों पर है।

अनुशासन पर उठते सवाल: क्या होगी कार्रवाई?
यह वीडियो वायरल होने के बाद अब गेंद वरिष्ठ अधिकारियों के पाले में है। क्या रसूख के आगे डीजीपी का आदेश फिर दब जाएगा? या फिर वर्दी की गरिमा को तार-तार करने वाली इस अनुशासनहीनता पर कोई कड़ा एक्शन लिया जाएगा? शहर की जनता अब विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रही है।

Related Topics

Latest News