Satna News :  खाकी पर सीधा हमला! जैतवारा थाने में आरक्षक को गोली, रीवा में जिंदगी मौत की जंग : सिस्टम की नाकामी!

 
fghg

सतना जिले के जैतवारा थाना परिसर में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नकाबपोश युवक ने थाने के भीतर घुसकर ड्यूटी कर रहे प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग पर कट्टे से फायर झोंक दिया। गोली आरक्षक के कंधे और सीने के पास लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही थाने का पूरा स्टाफ दौड़ पड़ा और घायल को आनन-फानन में जिला अस्पताल सतना लाया गया। वहां से हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां फिलहाल ICU में इलाज चल रहा है।

घटना का पूरा घटनाक्रम
जानकारी के मुताबिक, प्रिंस गर्ग ड्यूटी के बाद रात करीब 12 बजे खाना खाने की तैयारी कर रहे थे। तभी अचानक किसी ने उनके बैरक के बाहर आवाज दी। जैसे ही वो बाहर निकले, एक युवक नकाब बांधकर खड़ा था। बिना कुछ कहे उसने कट्टे से गोली दाग दी और मौके से फरार हो गया।

घटना की खबर मिलते ही SP विवेक सिंह, CSP महेंद्र सिंह और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। SP खुद दोपहर को संजय गांधी अस्पताल पहुंचे और ICU में भर्ती घायल आरक्षक से मुलाकात की। SP ने बताया कि गोली कंधे और सीने के बीच लगी है। साथ ही एक और चोट है, जिसकी जांच की जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में तमाम एहतियात बरते जा रहे हैं।

नामजद आरोपी, छापेमारी तेज
वारदात को अंजाम देने का आरोप मेहुती गांव निवासी आदर्श शर्मा उर्फ पच्चू पर है। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले प्रिंस गर्ग ने आदर्श की गाड़ी थाने में खड़ी कराई थी, जिस बात को लेकर वह नाराज था। बीती रात उसी रंजिश में गोली चलाने की बात सामने आ रही है।

पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई जगह दबिश दी है। कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारी दावा कर रहे हैं कि जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस सनसनीखेज वारदात ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। जब थाने के भीतर पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या होगा? विपक्ष ने भी इसे लेकर सरकार पर निशाना साधा है।

घायल आरक्षक के भाई प्रशांत तिवारी ने भी बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि वारदात की पूरी साजिश में साहिल त्रिपाठी नामक युवक ने लोकेशन दी थी और आदर्श शर्मा ने गोली मारी। आखिर इसके पीछे की असली वजह क्या है, ये भी जांच का विषय बना हुआ है। फिलहाल आरोपी फरार, पुलिस टीमें दबिश में जुटी हैं।

Related Topics

Latest News