BHOPAL : कमलनाथ कैबिनेट बैठक में अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी, MP में तीन नए जिले हुए घोषित : कैबिनेट में लगी मुहर

 
BHOPAL : कमलनाथ कैबिनेट बैठक में अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी, MP में तीन नए जिले हुए घोषित : कैबिनेट में लगी मुहर

भोपाल. सीएम कमलनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में मैहर, चाचौड़ा और नागदा को नया जिला बनाए जाने की मंजूरी दी है। अब मध्य प्रदेश में 55 जिले हो गए हैं। गौरतलब है कि कमलनाथ कैबिनेट की 3 दिन में यह दूसरी बार कैबिनेट की बैठक हुई। इससे पहले रविवार को कैबिनेट की बैठक में संवैधानिक पदों पर नियुक्तियां और कर्मचारियों के डीए बढ़ाए जाने को लेकर फैसला लिया गया था।

बता दें कि बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में सरकार के कुछ मंत्री शामिल नहीं हो पाए। इनमें उमंग सिंघार, सज्जन वर्मा, तरूण भनोट, लखन यादव, लखन घनघोरिया, जीतू पटवारी, हर्ष यादव के नाम शामिल हैं। ये सभी मंत्री बेंगलुरू में बागी विधायकों को मिलने गए हुए हैं। हालांकि उन विधायकों से इनकी मुलाकात नहीं हो पाई। इनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी गए थे।

क्यों बनाए गए ये जिले

मैहर: भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी लंबे समय से मैहर को जिला बनाए जाने की मांग करते आ रहे हैं। सियासी घटनाक्रम के बीच भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी 4 से 5 बार मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं। इससे पहले भी वे सीएए को लेकर अपनी पार्टी के खिलाफ नजर आए थे। वे खुले मंच से कह चुके हैं कि जो उनके क्षेत्र के विकास की बात करेगा, वे उसके साथ रहेंगे।

चाचोड़ा: दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह भी चाचोड़ा को लंबे समय से जिला बनाने की मांग कर रहे थे। वे भी कई बार अपनी ही सरकार को इस मुद़्दे को लेकर घेर चुके हैं। यही नहीं अपने बड़े भाई दिग्विजय सिंह के बंगले के बाहर धरने पर भी बैठ गए थे।

नागदा: नागदा से विधायक दिलीप सिंह गुर्जर भी लंबे समय से जिला बनाने की मांग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि चार बार विधायक बनने के बाद भी मंत्री नहीं बनाए जाने से भी दिलीप सिंह गुर्जर अपने ही सरकार से नाराज चल रहे हैं।

Related Topics

Latest News