MP LIVE : मुश्किल में कमलनाथ सरकार, कांग्रेस के 11 विधायक अब भी भाजपा के पास

 
MP LIVE : मुश्किल में कमलनाथ सरकार, कांग्रेस के 11 विधायक अब भी भाजपा के पास

नई दिल्ली. मध्यप्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार पर संकट के बादल बढ़ गए हैं। भाजपा नेताओं के पास अब तक कांग्रेस के 11 विधायक आ चुके हैं। हालांकि भाजपा के दो विधायक भी गायब थे, जिनमें से एक नारायण त्रिपाठी बुधवार सुबह दिल्ली पहुंच गए हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगे की रणनीति के लिए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात की और उसके बाद वह पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करने वाले हैं। उसके बाद आगे की रणनीति तय होगी। वहीं कांग्रेस के कुछ विधायकों को बेंगलुरु में शिफ्ट किया गया है।

मध्यप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान बढ़ गया है। भाजपा ने सरकार के भीतर सेंधमारी कर दी है। भाजपा नेताओं का दावा है कि उनके पास कांग्रेस के 11 विधायक मौजूद हैं। जबकि सपा—बसपा और निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन हासिल हो गया है। देर रात शुरू हुए ड्रामे में भाजपा और कांग्रेस आमनेसामने आ गई हैं। भाजपा ने देर रात विधायकों को मनेसर के आईटीसी भारत होटल में शिफ्ट किया था। जैसे ही कांग्रेस के नेताओं को इसकी जानकारी मिली तो मध्यप्रदेश से कांग्रेस के मंत्री जयवर्धन सिंह, जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दिल्ली पहुंच गए और सीधे होटल गए। जहां पर उनका विवाद भाजपा नेताओं से हुआ। उसके बाद वह बसपा विधायक रामबाई को अपने साथ लेकर रवाना हो गए। बाकी के विधायकों से वह मिलने में सफल नहीं हो सके।


इन पर है विधायकों का जिम्मा
कांग्रेस के भीतर तोड़फोड़ का जिम्मा पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, विश्वास सारंग और विधायक अरविंद भदौरिया पर है। यही कांग्रेस के भीतर से विधायकों को तोड़कर दिल्ली लाए हैं। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली में आगे की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसी क्रम में सुबह बंद कमरे में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के साथ उनकी डेढ़ घंटे की मुलाकात हुई। उसके बाद वह भाजपा कार्यालय रवाना हो गए, जहां पर जेपी नड्डा से मुलाकात होगी। उसके बाद ही आगे की रणनीति पर काम होगा। कुल मिलाकर आज का दिन मध्यप्रदेश की सरकार के लिए महत्वपूर्ण होगा।

कांग्रेस के दावा, विधायक हमारे साथ
भाजपा जहां पूरी तरह से सरकार गिराने को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि उनके विधायक सरकार के साथ हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ से लेकर मंत्री जयवर्धन सिंह ने भी बयान दिया है कि भाजपा सरकार गिराने की साजिश रच रही है लेकिन कांग्रेस के विधायक बिकने वाले नहीं हैं और सरकार पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करेगी।

क्या आज हो जाएगा सरकार का फैसला
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आज सरकार के भाग्य का फैसला हो जाएगा। हालांकि अभी तक भाजपा के दो विधायक भी गायब बताए जा रहे थे, लेकिन उनमें से नारायण त्रिपाठी दिल्ली पहुंच गए हैं। जबकि शरद कौल अब भी गायब हैं। यह दोनों विधायक पिछले सत्र में कांग्रेस के पाले में चले गए थे, लेकिन बाद में भाजपा में लौट आए थे। ऐसे में भाजपा के अंदर इन विधायकों को लेकर कोई आश्वस्त नहीं है। हालांकि निर्दलीय विधायकों को लेकर भाजपा नेता आश्वस्त हैं।

Related Topics

Latest News