REWA : क्योंटी जल प्रपात में मिले प्रेमी युगल के शव

 

REWA : क्योंटी जल प्रपात में मिले प्रेमी युगल के शव


ऋतुराज द्विवेदी,रीवा. क्योंटी प्रपात में युवक और युवती का क्षतविक्षत हालत में शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्ट्या मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मौके पर पहुंच गई जिसने शवों को परिजनों की मदद से बाहर निकलवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। घटना से दोनों परिवार गहरे सदमें में है। सिरमौर थाना अंतर्गत क्योंटी प्रपात में मंगलवार को युवक और युवती का शव देखा गया।

स्थानीय लोगों ने प्रपात में शव को देखा जिसकी सूचना पुलिस को दे दी। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को निकालने के लिए रेसक्यू आपरेशन शुरू किया। स्थानीय लोगों के साथ पुलिस पांच सौ फिट गहरे प्रपात में नीचे उतरी जहां करीब दो घंटे के रेसक्यू आपरेशन के बाद शवों को बाहर निकाला गया। युवक की पहचान लकी उर्फ विकास पटेल पिता सुरेश (20) निवासी देवास व लड़की की पहचान नईगढ़ी थाना क्षेत्र में रहने वाली नाबालिक के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे जिन्होंने शवों की पहचान की। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है। प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। बताया गया है कि दोनों का काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग में ही दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। हालांकि घटना के वास्तविक कारण तो पुलिस जांच के बाद ही सामने आऐंगे।

तीन दिन पूर्व मौत की आशंका
उक्त जोडं़े की मौत करीब तीन से चार दिन पूर्व होने की बात सामने आ रही है। दोनों के शव क्षतविक्षत हालत में थे जिससे पुलिस आशंका जता रही है कि उन्होंने तीन से चार दिन पहले यह आत्मघाती कदम उठाया था। लड़की 27 फरवरी को घर से निकली थी जिसके बाद वह लापता हो गई। 28 फरवरी को परिजनों ने विवि थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी जिस पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था। आशंका है कि उसी दिन प्रेमी युगल ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया है।

काफी समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग
दोनों का प्रेम प्रसंग काफी समय से चल रहा था। इस बात की जानकारी परिजनों को भी थी। परिजनों ने जब किशोरी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी तो उसमें विकास पटेल पर ही संदेह व्यक्त किया था। जिस पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी लेकिन उससे पहले ही दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया है।

क्योंटी प्रपात में युवक और किशोरी का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्ट्या मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। दोनों शवों को बाहर निकलवाकर उनको पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया गया है। किशोरी के अपहरण का मामला विवि थाने में दर्ज था। 

शैल यादव, थाना प्रभारी सिरमौर

Related Topics

Latest News