REWA : दो दिन में नहर में मिला दूसरा शव, मची सनसनी : शिनाख्त में जुटी पुलिस

 
REWA : दो दिन में नहर में मिला दूसरा शव, मची सनसनी : शिनाख्त में जुटी पुलिस

रीवा। नहर में दो दिन के भीतर दूसरा शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक दिन पूर्व मिले शव से चंद कदम की दूरी पर दूसरा शव बरामद हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई जिसने शव को बाहर निकलवाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने उसकी फोटो सभी थानों में भिजवाई है।

स्थानीय लोगों ने देखा शव
घटना सिटी कोतवाली थाने के रतहरा नहर की बताई जा रही है। सोमवार की सुबह नहर में युवक का शव स्थानीय लोगों ने देखा जिसकी सूचना पुलिस को दे दी। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया। मृतक की उम्र ४० वर्ष के आसपास बताई जा रही है। तलाशी के दौरान जेब से बीड़ी व गांजा का चिलम मिला है।

जेब में नहीं मिले दस्तावेज
उसके पहचान से जुड़े दस्तावेज पुलिस को नहीं मिली है। नहर के समीप उसके कपड़े व बैग रखे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि वह शौच के लिए नहर में गया था और डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों से उसकी पहचान का प्रयास किया लेकिन अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि वह कहीं बाहर से आया था और यहां हादसे का शिकार हो गया। रविवार की शाम ही युवक के नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को मर्चुरी में रखवाकर उसकी फोटो पहचान के लिए सभी थानों को भिजवाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

घटना की जांच जारी
थाना प्रभारी ओंकार तिवारी ने बताया कि एक दिन पूर्व मिले शव की पहचान कर ली गई है। उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। एक अन्य व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ है जिसकी पहचान के प्रयास किये जा रहे है।

शव की हुई पहचान
एक दिन पूर्व मिले शव की हुई पहचान रतहरा नहर में एक दिन पूर्व मिले युवक के शव की पहचान पुलिस ने कर ली है। शव रतहरा नहर के पुल के समीप बरामद हुआ था। शव मिलने की सूचना पर परिजनों ने पहुंचकर उसकी पहचान की। युवक जगमोहन यादव २५ वर्ष बिजवार थाना मझौली जिला सीधी के रूप में हुई है। वह रतहरा स्थित बोरवेल कंपनी में काम करता था। होली के दिन वह घर जाने की बात बोलकर निकला था जिसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों के पास मोबाइल नहीं था जिस पर किसी ने भी उसके बारे में जानकारी नहीं जुटाई। उसके जेब में शराब की शीशी मिली थी जिससे पुलिस नशे की हालत में युवक के नहर में डूबने की आशंका जता रही है।

Related Topics

Latest News