अपशब्द कहने वाली भाजपा नेत्री श्रेष्ठा जोशी के खिलाफ केस दर्ज | UJJAIN NEWS

 
अपशब्द कहने वाली भाजपा नेत्री श्रेष्ठा जोशी के खिलाफ केस दर्ज | UJJAIN NEWS

उज्जैन। भाजपा नेत्री व पार्टी की महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश मंत्री इंदौर निवासी श्रेष्ठा जोशी के खिलाफ अजाक पुलिस उज्जैन ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। श्रेष्ठा ने उज्जैन निवासी भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष लाखन चौहान को मोबाइल पर अपशब्द कहे थे। इसका ऑडियो भी वायरल हुआ था। इसके बाद पार्टी ने श्रेष्ठा को पद से हटा दिया था। वहीं इस मामले में लाखन ने उज्जैन आईजी राकेश गुप्ता को लिखित शिकायत दर्ज कराने के साथ सबूत भी सौंपे थे। गुरुवार को अजाक थाने में श्रेष्ठा के खिलाफ अनुसूचित जाति अत्याचर निवारण अधिनियम की विभिन्ना धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज हो गया।
अजाक एसपी प्रमोद सिन्हा ने बताया कि आवेदक लाखन चौहान पिता तुलाराम निवासी धन्नड़ मल्लाह थाना भैरवगढ़ ने शिकायती आवेदन दिया था। इसमें बताया गया था कि श्रेष्ठा जोशी नामक महिला ने उसे जातिसूचक शब्द कहे हैं। मामले की जांच के बाद श्रेष्ठा पर आईपीसी की धारा 294, 506, अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण की धारा 3 (1) एवं 3 (2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आगे भी नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
फेसबुक से शुरू हुआ था विवाद
लाखन और श्रेष्ठा के बीच फेसबुक की एक पोस्ट को लेकर विवाद हुआ था। लाखन की पोस्ट पर श्रेष्ठा ने कमेंट्स किए थे। इसके बाद लाखन ने भी जवाब दिया। इस पर श्रेष्ठा ने उसे कॉल करते हुए अपशब्द कहे थे। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस चर्चित मामले में पार्टी ने भी कार्रवाई करते हुए श्रेष्ठा को पद से हटाकर स्पष्टीकरण तलब किया था। सूत्रों के अनुसार लाखन और श्रेष्ठा के बीच समझौते की भी कोशिश की गई थी। मगर ऐसा हो नहीं पाया।

Related Topics

Latest News