इस GREEN ZONE वाले जिले पर प्रवासी मजदूरों का कहर, बढ़ने लगे पॉजिटिव मरीज

 
इस GREEN ZONE वाले जिले पर प्रवासी मजदूरों का कहर, बढ़ने लगे पॉजिटिव मरीज

सीधी. काफी मशक्त के बाद जिले को ग्रीन जोन का तमगा हासिल हुआ था। लोग-बाग बड़े सुकून से थे। लेकिन ये रेज जोन से प्रवासी मजदूरों के आने का सिलसिला क्या शुरू हुआ कि जिले में संक्रमित रोगियों की तादाद तेजी से बढ़ने लगी। लोग सहमें-सहमे से हैं। प्रशासन सतर्क है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। एक भी संदिग्ध सामने आए तो प्रशासन फौरन हरकत में आ जा रहा है।

दरअसल कोल्हूडीह में पहला कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसके 14 संपर्कियों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। उनकी रिपोर्ट जब आई तो पता चला कि उनमें से 3 पॉजिटिव हैं। उसके बाद से जिले में हड़कंप मच गया है। अब जिले में 4 कोरोना पॉजिटव हो गए हैं। इन सभी को जिला मुख्यालय के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया है।

बता दें कि गत 9 मई को मुंबई से लौटे कोल्हूडीह निवासी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आया और पॉजिटिव आए मरीज के संपर्कियों सहित कुल 14 लोगों का नमूना एकत्र कर जांच के लिए भेजा जिसमें से 3 पॉजिटिव निकल आए। इसमे से एक ग्राम ददरी सिहावल ब्लॉक का निवासी है तो दूसरा कोल्हूडीह का और एक अन्य ग्राम बढ़ौना का।

स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के मुताबिक 4 में से 2 की यात्रा समान है। दोनों मुंबई से साथ ही आए हैं। ये मुंबई के कुर्ला में रहते थे। एक तो परिवार के साथ रहता था। उसने बताया कि परिवार के साथ कुर्ला से चल कर कल्याण पहुंचे और रेल पटरी के किनारे चलते हुए करीब दो किलोमीटर चलने के बाद ऑटो पकड़ कर हाइवे तक आए। वहां से नासिक तक पैदल चले। नासिक में एक ट्रक पकड़ कर 10 मई को दोपहर 3 बजे मनगांवा आ गए।

 मनगांवा जिला रीवा के सुलभ शौचालय में फ्रेश होने के बाद कुछ खाना खाया और फिर एक ऑटो लेकर मउगंज आ गए। मउगंज से फोन कर ग्राम बढ़ौना के दो लोगों को बुलाया जो बाइक से आए तब उन्हीं की बाइक से गांव के लिए रवाना हुए।


Related Topics

Latest News