PUBG को पछाड़ मोबाइल गेमिंग का बादशाह बना LUDO KING

 
PUBG को पछाड़ मोबाइल गेमिंग का बादशाह बना LUDO KING
सतना। एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी देशवासियों को आत्मनिर्भर और स्वदेशी की नसीहत दे रहे हैं, लेकिन उनके आह्वान के पहले ही भारत के लोगों ने घर बैठे-बैठे टॉप मोस्ट मोबाइल गेम पबजी को पटखनी देते हुए भारत के पारंपरिक खेल के अपडेटेड वर्जन को नंबर-1 खेल बना दिया है। जनवरी 2016 में मोबाइल की दुनिया में कदम रखने वाले लूडो किंग ने 2020 आते-आते पबजी जैसे सैकडों विदेशी खेलों की की ऐसी धज्जियां उड़ाई कि इसके आसपास कोई टिक भी नहीं पा रहा है। क्या बुजुर्ग, क्या बच्चे आज हर वर्ग के लोगों में अपनी जगह लूडो ने बनाई है। लगातार पबजी जैसे गेम पर भारत में सरकारी और निजी तौर पर बच्चों के लिए खतरा बताया गया लेकिन गेम को बैन नहीं किया जा सका। लेकिन लूडो किंग गेम ने ऐसी गदर मचाई की ये आज 25 करोड़ से भी अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है।
याद है चंदा-गोटी
लूडो का विकास कैसे और कब हुआ इसका तो कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं है लेकिन सदियों से भारत में शह-मात का खेल चौसर खेला जाता रहा है। इसी प्रकार चाक, बत्ती की लकीरों को खींच कर एक खेल खेला जाता रहा है। जिसे भारत के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग नाम से जाना जाता रहा है। जिसे हम इसे चंदा गोटी के नाम से जानते हैं। लूडो इसी खेल का हूबहू अपडेटेड वर्जन है।
90 के दशक में खूब था प्रचलित
पहले रामायण, फिर महाभारत इसके बाद तो लॉकडाउन में पुराने सीरियल्स का ट्रेंड ही चलने लगा। 90 के दशक में बच्चों से लेकर बड़ों तक का सबसे चहेता माना जाने वाला यह गेम इस समय सबकी पहली पसंद बनता जा रहा है। लॉकडाउन की वजह से जब लोग घरों में कैद हुए, तो इस मुश्किल घड़ी में यही गेम ही लोगों के वक्त काटने का सहारा बना।
कागज के बोर्ड से मोबाइल की स्क्रीन का सफर
कभी कागज और प्लास्टिक के बोर्ड पर खेला जाने वाला यह खेल अब मोबाइल और लैपटॉप में आ गया है। स्मार्टफोन के जमाने में हर कोई लाल, पीले, नीले और हरे रंग की वर्चुअल गोटियों के सभी दीवाने हो गए हैं। शहरों में घर की चारदीवारी में परिवार के संग लूडो खेला जा रहा है, तो गांवों में पेड़ों नीचे भी लूडो किंग की बाजियां खेली जा रही है।
विराट – अनुष्का , केएल राहुल तक दीवाने
भले ही क्रिकेट की पिच पर टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और स्टाइलिश बल्लेबाज केएल राहुल के करोड़ों दीवाने हो लेकिन ये दोनों भी लूडो के दीवाने हैं। लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जाता है कि इस समय इसे सिर्फ आम लोग ही नहीं बल्कि क्रिकेटर और बॉलीवुड स्टार भी खेल रहे हैं। इस गेम्स को लेकर सभी इस समय बचपन की यादों को ताजा कर रहे हैं। लूडो की गोटी के साथ में समय बिताने वालों में सेलिब्रिटी कपल विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का भी नाम जुड़ गया है। यही नहीं मशहूर गायक बादशाह भी इससे अछूते नहीं।
लूडो में भी राजा है लूडो किंग
लूडो के सभी गेम्स में इस समय सबसे अधिक पॉपुलर एप लूडो किंग है। इस लूडो किंग को अब तक 350 मिलियन से भी अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है। साधारण शब्दों में कहें तो इस समय 35 करोड़ से ज्यादा लोग लूडो किंग गेम खेल रहे हैं। करोड़ों लोगों की इस संख्या को देखते हुए इसकी प्रसिद्धि का अंदाजा भी लगाया जा सकता है बता दें कि लूडो किंग को जनवरी 2016 में लांच किया गया था। इस गेम को पटना के विकास जायसवाल ने डेवलप किया है। इस गेम की लोकप्रियता की असल वजह यह है कि इसका प्लेयर फ्रेंडली होना है।
कई देशों में धूम
लूडो किंग यह गेम सिर्फ भारत में नहीं बल्कि इस समय दक्षिण एशिया के अलावा ब्राजील, सूडान, अमेरिका आदि देशों में भी खेला जा रहा है।

Related Topics

Latest News