REWA : अवैध होर्डिंग : मौत के बाद भी कार्रवाई नहीं ,सुबह कार्यवाही के लिए आयुक्त ने दिया निर्देश, दबाव बना तो दोपहर बाद रुकवा दी कार्यवाही

 
REWA : अवैध होर्डिंग : मौत के बाद भी कार्रवाई नहीं ,सुबह कार्यवाही के लिए आयुक्त ने दिया निर्देश, दबाव बना तो दोपहर बाद रुकवा दी कार्यवाही

रीवा। शहर में सैकड़ों की संख्या में सड़कों के किनारे से लगाए गए विज्ञापन के होर्डिंग मानकों की पूरी तरह से अनदेखी करते हुए लगाए गए हैं। हाल ही में एक आंधी की वजह से होर्डिंग का स्ट्रक्चर गिरने से एक की मौत हो गई है। जिसके बाद से निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में अस्थाई रूप से विज्ञापन प्रदर्शन के लिए अनुमति दी गई है। अब इन होर्डिंग के स्ट्रक्चर को हटाने की मांग तेजी के साथ उठने लगी है। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों और विज्ञापन एजेंसियों की मिलीभगत की वजह से नियमों को पूरी तरह से ताक पर रखा जा रहा है। शहर में करीब दर्जन भर की संख्या में विज्ञापन एजेंसियों को अस्थाई रूप से विज्ञापन प्रदर्शन की अनुमति नगर निगम ने दे रखी है। जिसमें दस्तावेजों में होर्डिंग के जो आकार बताए गए हैं उससे अधिक बड़े साइज के होर्डिंग लगाए गए हैं। यह सब निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों की सहमति के बाद होता रहा है।

जर्जर मकानों में भी होर्डिंग का प्रदर्शन
शहर के जर्जर मकानों में भी होर्डिंग के स्ट्रक्चर लगाए गए हैं। लगातार इन्हें हटाने की मांग भी होती रही है। कुछ समय पहले निगम के पार्षद विनोद शर्मा, नम्रता सिंह सहित अन्य सिरमौर चौराहे में जाम लगा दिया था। इनकी मांग थी कि शहर के सभी मकानों की छत पर लगाए गए होर्डिंग के स्ट्रक्चर की जांच कराई जाए। उसके वजन का परीक्षण कराने की मांग की गई थी। इसके बाद भी कई लोगों द्वारा मांगे की जाती रही हैं लेकिन निगम के अधिकारियों की ओर से मामले को दबाया जाता रहा है।

कार्रवाई के लिए पहुंचे निगम के अमले के साथ कहासुनी
नगर निगम का अमला साईंमंदिर के पास अवैध होर्डिंग को हटाने की कार्रवाई कर रहा था। एक होर्डिंग को हटाया गया, इसके कुछ देर के बाद एजेंसी संचालक और कर्मचारी पहुंच गए जिनकी कहासुनी होने लगी। काफी देर तक दोनों पक्षों में इस बात को लेकर कहासुनी हुई कि उक्त होर्डिंग अवैध है तो किस तरह से है। निगम के कर्मचारियों ने कार्रवाई बीच में ही रोक दी और कहा कि एजेंसी संचालक विभू सूरी ने आपत्ति की है और अधिकारियों की ओर से उनकी आपत्ति के बाद कार्रवाई रोकने के लिए कहा गया है। कोठी परिसर में सुलभ शौचालय की छत पर लगाए गए होर्डिंग के स्ट्रक्चर का आधा हिस्सा काटा गया और अधूरी कार्रवाई छोड़कर निगम के कर्मचारी चले गए हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है कि किसी भी दिन तेज आंधी आई तो यह भी गिर सकता है।

सुबह हटाने का आदेश, दोपहर में रोका और सायं साधी चुप्पी
नगर निगम के प्रभारी आयुक्त अर्पित वर्मा ने सुबह निगम के सभी जोन प्रभारियों को निर्देशित किया कि जितने भी अवैध स्ट्रक्चर होर्डिंग के हैं, सभी को हटाने की कार्रवाई तत्काल प्रारंभ की जाए। सभी जोन के राजस्व के कर्मचारी इस कार्रवाई के लिए निकले। इसके बाद दोपहर उन्होंने ही कार्रवाई रोकने का निर्देश दिया। सायं उनसे जब इस पूरे मामले में पक्ष जाना गया तो उन्होंने चुप्पी साध ली है और किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी है। एक व्यक्ति जान चली जाने के बाद निगम के प्रमुख अधिकारी की इस तरह की खामोशी से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।


तेजी से बढ़ता REWA NEWS MEDIA
पढ़े ताजा ख़बरें, अभी Like करें और हमसे जुड़ें

Related Topics

Latest News