30 JUNE को होगा मंत्रिमंडल विस्तार, मंत्रियों की सूची लेकर CM शिवराज दिल्ली रवाना

 
30 JUNE को होगा मंत्रिमंडल विस्तार, मंत्रियों की सूची लेकर CM शिवराज दिल्ली रवाना

भोपाल. मध्यप्रदेश में बीते कई दिनों से चल रही शिवराज कैबिनेट के विस्तार की खबरें एक बार फिर तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन मंत्री सुहाष भगत भोपाल में चर्चा करने के बाद दिल्लीरवाना हो गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि 30 जून को शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।

दिल्ली रवाना सीएम शिवराज सिंह चौहान 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन मंत्री सुहाष भगत के साथ दिल्ली रवाना हो गए हैं। दिल्ली में वो पहले केन्द्रीय मंत्री और मुरैना सांसद नरेन्द्र सिंह तोमर से मुलाकात करेंगे। सोमवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन मंत्री सुहाष भगत राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात में शिवराज मंत्रिमंडल के विस्तार पर चर्चा होगी।

हाइकमान से हरी झंडी मिलते ही कैबिनेट विस्तार 
दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से हरी झंडी मिलते ही शिवराज कैबिनेट का विस्तार होगा। सीएम शिवराज सिंह चौहान सोमवार को आलाकमान से मुलाकात कर देर शाम भोपाल लौट आएंगे और खबरें हैं कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो 30 जून को शिवराज कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल में लगभग 25 नेताओं को शामिल किया जा सकता है। इसमें से 10 मंत्री सिंधिया समर्थक हो सकते हैं। जबकि भाजपा से 15-16 मंत्री बनाए जा सकते हैं। कैबिनेट में क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन साधने के साथ ही पूर्व मंत्रियों को शामिल करने का भी दबाव है।

मंत्रीमंडल की रेस में कौन-कौन ? 
मंत्री मंडल की रेस में भोपाल से रामेश्वर शर्मा सबसे आगे है विकल्प के रूप में विश्वास सारंग और एससी कोटे से विष्णु खत्री, रायसेन से रामपाल सिंह। 

इंदौर से उषा ठाकुर का नाम सबसे आगे है। इंदौर से ही भाजपा विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़ पर विचार हुआ है।

मालवा निमाड़ से मोहन यादव, चेतन कश्यप, यशपाल सिंह सिसोदिया, आदिवासी कोटे से विजय शाह या प्रेम सिंह पटेल भी मंत्री बनाए जा सकते हैं। 

बुंदेलखंड से पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह के साथ एससी कोटे से हरीशंकर खटीक का नाम भी मंथन में आया है।

ग्वालियर चंबल से अरविंद भदौरिया, यशोधरा राजे सिंधिया के साथ ओबीसी और नरेंद्र सिंह तोमर के कट्टर समर्थक भारत सिंह कुशवाह का नाम भी शामिल हो सकता है।

विन्ध्य से राजेंद्र शुक्ला या गिरीश गौतम में से किसी एक को मौका मिल सकता है। इसमें पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल को दोबारा भी मंत्री बनाया जा सकता है। ओबीसी कोटे से रामलल्लू वैश्य और एससी से कुंवर सिंह टेकाम के नाम पर भी चर्चा है।

महाकौशल से अशोक रोहाणी या अजय विश्नोई में से किसी एक को मौका मिलेगा। पूर्व मंत्री संजय पाठक, गौरीशंकर बिसेन और एसटी कोटे से देवी सिंह सैयाम का नाम पर भी सहमति बन सकती है।

सिंधिया गुट से ये बन सकते हैं मंत्री !
ज्योतिरादित्य गुट से डॉ. प्रभुराम चौधरी, इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, महेंद्र सिंह सिसोदिया, बिसाहूलाल सिंह, एदल सिंह कंसाना, राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, हरदीप सिंह डंग और रणवीर जाटव के नाम भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं। यह सभी ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक हैं जो कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए हैं।


Related Topics

Latest News