MP के कई हिस्सों में आज बरसात की गतिविधियां होंगी शुरू : कई इलाकों में हो सकती है तेज बारिश

 
MP के कई हिस्सों में आज बरसात की गतिविधियां होंगी शुरू : कई इलाकों में हो सकती है तेज बारिश

भोपाल । उड़ीसा पर बने ऊपरी हवा के चक्रवात से सुस्त पड़े मानसून को ऊर्जा मिलना शुरू हो गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक यह सिस्टम रविवार को आगे बढ़कर छत्तीसगढ़ तक आने की संभावना है। इसके प्रभाव से रविवार से मप्र के कुछ हिस्सों में बरसात की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। सोमवार को राजधानी सहित पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार है। शनिवार को बादल बने रहने के कारण दिन के तापमान में शुक्रवार के मुकाबले 4.8 डिग्री की कमी दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के प्रवक्ता अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। साथ ही शुक्रवार के अधिकतम तापमान (34.4 डिग्री) के मुकाबले 4.8 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। शहर में शनिवार सुबह 8:30 बजे तक सीजन की 326.7 मिमी बरसात हो चुकी है,जो कि सामान्य से 275.3 मिमी. अधिक है। शनिवार को सुबह से ही आसमान पर बादलों को कब्जा रहा। इस वजह से धूप नहीं निकली। धूप नहीं निकलने के कारण लोगों को उमस से राहत मिली।

वातावरण में हल्की ठंडक बनी रही। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उड़ीसा और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इसके प्रभाव से मानसून को ऊर्जा मिल रही है। एक ऊपरी हवा का चक्रवात पूर्वी उप्र. पर बना हुआ है। उसके असर से भी वातावरण में नमी आ रही है। शुक्ला के मुताबिक उड़ीसा पर बना सिस्टम रविवार को छत्तीसगढ़ पर आ जाएगा। इसके साथ ही मप्र में भी बरसात का दौर शुरू होने की संभावना है। सिस्टम के आगे बढ़ने से सोमवार-मंगलवार को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बरसात होने के आसार हैं। शुक्ला के मुताबिक 25 जून तक मानसून के पूरे मप्र में छाने की भी संभावना है।


Related Topics

Latest News