BHOPAL : मंत्रिमंडल विस्तार से पहले Jyotiraditya Scindia ने किया ऐसा ट्वीट

 
BHOPAL : मंत्रिमंडल विस्तार से पहले Jyotiraditya Scindia ने किया ऐसा ट्वीट

मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार 21 अप्रैल को 5 मंत्रियों की शपथ के बाद मंत्रिमंडल बना था। इसके बाद आज 2 जुलाई को सुबह 11 बजे भोपाल के राजभवन में एक बार फिर शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है, जिसमें करीब 27 मंत्री शपथ ले सकते हैं। माना जा रहा है इनमें 15 भाजपा और 12 ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के मंत्री बन सकते हैं। मध्य प्रदेश की प्रभारी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाएंगी। मंत्रिमंडल विस्तार से पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर लिखा कि अन्याय के खिलाफ छेड़ा गया संघर्ष ही धर्म है। दो दिवसीय दौरे पर कल भोपाल पहुंच रहा हूं। प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम में उपस्थित होने के बाद, कार्यकर्ताओं से मुलाकात करूंगा।

माना जा रहा है कि इस बार कई नए चेहरे इसमें शामिल होंगे, जिसके लिए लंबा मंथन चला। देर रात तक इसे लेकर सीएम हाउस में शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे और मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के बीच बातचीत होती रही। इस दौरान कई विधायकों को सीएम हाउस बुलाया गया। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कोई भी असंतुष्ट न हो इसलिए पार्टी सभी को पहले से निर्णय से अवगत करा रही थी।

सिंधिया खेमे से 12 नाम
इधर सिंधिया खेमे से अब 9 की जगह 12 दावेदार मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि पूर्व मंत्री इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, महेंद्र सिंह सिसौदिया, प्रभुराम चौधरी, बिसाहूलाल सिंह, एदल सिंह कंषाना, राजवर्द्घन सिंह दत्तीगांव और हरदीप सिंह डंग के साथ रणवीर जाटव का नाम शामिल थे। बुधवार देर रात तक चले मंथन के बाद सिंधिया कोटे में कुछ नाम और जोड़े गए हैं, उनमें सुरेश धाकड़, गिर्राज डंडौतिया और बृजेंद्र सिंह यादव के नाम शामिल किए गए हैं।

भाजपा से बनेंगे 15 मंत्री, अधिकांश नए चेहरे
शिवराज कैबिनेट में जिन नेताओं को पहली बार शामिल किया जा रहा है, उनमें विंध्य से रामखिलावन पटेल (अमरपाटन), गिरीश गौतम (देवतालाब) को शामिल किया है। मालवा से विजय शाह (हरसूद), उषा ठाकुर (महू), प्रेम सिंह पटेल (बड़वानी), मोहन यादव (दक्षिण उज्जैन), चेतन काश्यप (रतलाम सिटी), महाकोशल से नंदिनी मरावी (सिहोरा) और रामकिशोर कांवरे (परसवाड़ा), बुंदेलखंड- गोपाल भार्गव (रहली), भूपेंद्र सिंह (खुरई), हरीशंकर खटीक (जतारा), पन्ना से बृजेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर लगभग सहमति बन गई है। भोपाल से विश्वास सारंग (नरेला), इंदर सिंह परमार (शुजालपुर) और चंबल-ग्वालियर से यशोधरा राजे सिंधिया (शिवपुरी), अरविंद भदौरिया (अटेर), भारत सिंह कुशवाह (ग्वालियर ग्रामीण) का नाम अंतिम दौर में पहुंचा है। संभावना है कि इनमें एक-दो नाम कम हो सकते हैं।

अभी सरकार में ये हैं पांच मंत्री और उनके विभाग
- नरोत्तम मिश्रा : गृह विभाग, लोक स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण स्वास्थ्य संबंधी कार्य
- तुलसीराम सिलावट : जल संसाधन विभाग
- कमल पटेल : कृषि विभाग
- गोविन्द सिंह राजपूत : खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, सहकारिता
- मीना सिंह मांडवे : आदिम जाति कल्याण


Related Topics

Latest News