GOOD NEWS : अनलॉक- 4 के तहत 7 सितंबर से दिल्ली में मेट्रो चलाने की मिली हरी झंडी

 
GOOD NEWS : अनलॉक- 4 के तहत 7 सितंबर से दिल्ली में मेट्रो चलाने की मिली हरी झंडी
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने राजधानी में मेट्रो चलाने की मंजूरी दे दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक में यह फैसला लिया गया है। अनलॉक-4 के तहत केंद्र सरकार मेट्रो चलाने की परमिशन पहले दे चुकी है। देश में मेट्रो ट्रेन चलाने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर और गाइडलाइन आज शाम तक जारी की जाएगी।

उधर, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'मेरे संपर्क में आए लोग कोरोना टेस्ट करा लें।' इससे पहले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी संक्रमित हो चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, 31 अगस्त तक देश में करीब 11 हजार स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा दिल्ली और पश्चिम बंगाल से हैं। उधर, covid19india के मुताबिक, देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 37 लाख 69 हजार 574 हो गया है। उधर, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और गौतमबुद्ध नगर सीट से विधायक पंकज सिंह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
पांच राज्यों के हाल

1. मध्यप्रदेश

राज्य में लगातार तीसरे दिन 1500 से ज्यादा मरीज मिले। उधर, पिछले 10 दिनों में भोपाल में 1735 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए। जबकि 1451 मरीज स्वस्थ हुए हैं। 27 मरीजों की इलाज के दौरान जान चली गई। राजधानी भोपाल में बुधवार को 199 मरीज मिले। इनमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्यमंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव और अशोकनगर के पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी शामिल हैं।
2. राजस्थान
परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास को मंगलवार के दिन प्लाज्मा थेरेपी दी गई। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से वे राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस (आरयूएचएस) में भर्ती हैं। उधर, सरकार ने बताया कि आरयूएचएस में ही 100 बेड का अतिरिक्त कोविड केयर सेंटर बनाया जा रहा है। इनमें भी 25 बेड हाई फ्लो ऑक्सीजन युक्त होंगे। निम्स मेडिकल कॉलेज में भी 25 ऑक्सीजन युक्त बेड और 75 कोविड केयर बेड की व्यवस्था की गई है।
इस बीच, राज्य में 6 हजार 310 कम्यूनिटी हैल्थ ऑफिसर्स की भर्ती शुरू कर दी गई है।
3. बिहार
पटना में मंगलवार को कोरोना के 272 मरीज मिले। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 21 हजार 87 हो गई है। कोरोना के 18 हजार 630 मरीज ठीक हुए। हालांकि, अभी पटना में 2371 एक्टिव केस हैं। पटना एम्स में छह कोरोना संक्रमितों की मौत हुई। इनमें पूर्व मंत्री सुरेश पासवान की पत्नी धनकली देवी (52), फतुहा के संस्कृत कॉलेज के पूर्व प्राचार्य रवींद्र झा और बिक्रम के एक शिक्षक कमलेश कुमार भी शामिल हैं।
4. महाराष्ट्र
राज्य में मंगलवार को 67 हजार सैंपल की जांच की जा चुकी है। इसके साथ अब तक 42 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। पॉजिटिविटी रेट 19.2% पर पहुंच गया है। इस बीच, पुणे देश का सबसे प्रभावित शहर बन गया है। यहां 1.78 लाख से ज्यादा संक्रमित हैं। दिल्ली में 1.77 लाख केस हैं। अगस्त के शुरू में पुणे में 91,903 मरीज थे। एक महीने में यहां सर्वाधिक 83 हजार मरीज बढ़ गए। कुछ हफ्तों से रोज दो-तीन हजार मरीज मिल रहे हैं। सक्रिय मरीज भी पुणे में सबसे ज्यादा हैं। यहां 52 हजार से ज्यादा सक्रिय मरीज हैं।
5. उत्तरप्रदेश
राज्य में बढ़ते कोरोनावायरस के संक्रमण के बीच योगी सरकार ने मंगलवार को वीकेंड लॉकडाउन खत्म कर दिया है। अब सप्ताह में सिर्फ रविवार को पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। यानी शनिवार को सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक दुकानें खुलेंगी, लेकिन शनिवार रात 12 बजे से रविवार रात 12 तक पूरी तरह बाजार बंद रहेंगे। मंगलवार को राज्य में 1.50 लाख सैंपल्स की जांच की गई है। अब तक कुल 57.8 लाख कोरोना टेस्ट की जांच की जा चुकी है।


Related Topics

Latest News