REWA : UP से आने वाली धान की आवक को रोकने प्रमुख मार्गों पर लगेंगे चेक पोस्ट, कलेक्टर ने कर्मचारियों को दिए सख्त निर्देश

 

REWA : UP से आने वाली धान की आवक को रोकने प्रमुख मार्गों पर लगेंगे चेक पोस्ट, कलेक्टर ने कर्मचारियों को दिए सख्त निर्देश

रीवा। जिलेभर में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान तथा अन्य मोटे अनाजों की खरीद के लिए खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में पूरी पारदर्शिता के साथ धान खरीदी की व्यवस्था की जा रही है। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने धान खरीदी केंद्रों में जिले के बाहर विशेषकर उत्तरप्रदेश राज्य से संभावित धान की आवक को रोकने के लिए सभी प्रमुख मार्गों पर चेक पोस्ट बनाने के निर्देश दिए हैं।

सात स्थानों पर चेक पोस्ट

उत्तरप्रदेश सीमा के विभिन्न सात स्थलों पर एक नवंबर से चेक पोस्ट कार्य करने लगेंगे। जिले में धान की खरीद 16 नवंबर से शुरू होगी। कलेक्टर ने विकासखंड त्योंथर में चाकघाट-इलाहाबाद मार्ग में चाकघाट बॉर्डर पर, नारीबारी से मांगी मार्ग से मध्यप्रदेश सीमा प्रारंभ होने वाले स्थल पर, चेकपोस्ट बनाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने सोनौरी, बड़ोखर मार्ग में ग्राम ककरहा मार्ग में, विकासखंड जवा से शंकरगढ़ मार्ग में सीमा पर बने वन विभाग के बैरियर पर एवं रामबाग से बरगढ़ मार्ग में बीरपुर ग्राम के पास बरगढ़, घूमन मार्ग तिराहे पर चेकपोस्ट बनाने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह विकासखंड हनुमना के हनुमना सीधी रोड में पिपराही पुलिस चौकी पर एवं बनारस मार्ग में अन्तर्राज्यीय मंडी चेक पोस्ट पर, हनुमना में चेकपोस्ट स्थापित किया जाएगा।

होगी सघन जांच

उन्होंने कहा कि एक नवंबर से जिले में आने वाले माल वाहन की सघन जांच कर जांच पंजी संधारित की जाए। इसमें समस्त ट्रकों द्वारा परिवहन किए जा रहे खाद्यान्न की प्रविष्टि की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी रूप में जिले में सीमावर्ती क्षेत्रों से धान का परिवहन न होने पाए इसके नियंत्रण के लिए कर्मचारियों को नियुक्त किया जाए। जांच के दौरान अवैध रूप से जिले की बाहर की धान जिले के उपार्जन केंद्रों में पायी जाती है तो सम्मिालित कर्मचारियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। समय-समय पर उड़नदस्ता भी जांच कर धान, ज्वार, बाजरा के अवैध परिवहन पर रोक लगाए।

Related Topics

Latest News