शादी के 8 साल बाद भी बच्चे नहीं होने पर विवाद, पत्नी ने पति काे जिंदा जलाया

 

शादी के 8 साल बाद भी बच्चे नहीं होने पर विवाद, पत्नी ने पति काे जिंदा जलाया

गंधवानी. करवा चौथ पर जहां सुहागिन महिलाएं व्रत रखकर अपने पति की लंबी आयु की कामना कर रही थी तो दूसरी और एक पत्नी ने ही अपने पति को केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया।

घटना गंधवानी क्षेत्र के ग्राम बोरडाबरा में बुधवार की रात 1.30 बजे हुई। गंभीर रूप से घायल पति को जिला अस्पताल धार रैफर किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का मूल कारण शादी के 8 साल बाद भी बच्चे न होना सामने आया है।

गंधवानी पुलिस के अनुसार बोरडाबरा के सरपंचपुरा फलिया में रहने वाले तोपसिंह पिता रमेश भील उम्र 30 वर्ष को उसी की पत्नी हिरलबाई ने केरोसिन डालकर आग लगा दी। जिसमें वो गंभीर रूप से झुलस गया। मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जयराज सोलंकी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल तोपसिंह व उसकी पत्नी को लेकर गंधवानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। तोपसिंह की नाजुक हालत को देखते हुए उपचार के बाद धार के लिए रैफर कर दिया गया। यहां गंधवानी तहसीलदार सुनील करवरे ने तोपसिंह के बयान लिए।

अकसर होते थे विवाद

पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच बच्चे नहीं होने की बात को लेकर अकसर विवाद होता रहता था। झगड़े और विवाद में पत्नी ने पति पर घासलेट डालकर आग लगा दी। पति के चिल्लाने और आग की लपटें देखकर आस-पास पड़ोस के लोग उनके घर पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तोपसिंह के शरीर पर मटके का पानी डाल कर आग बुझाई। घटनाक्रम के अगले दिन गुरुवार को एफएसएल की टीम भी बोरडाबरा पहुंची और मौका मुआयना किया।

घटना के समय घर में 12 साल की ननद थी

पुलिस के अनुसार तोपसिंह बुधवार की रात करीब 11 बजे अपने घर पर लौटा। इस समय पर 12 साल की उसकीछोटी बहन घर पर ही थी जो कि खाना खाकर सो गई थी। तोपसिंह की मां बाग क्षेत्र में अपने भाई के यहां गई हुई थी, जबकि पिता खेत पर पानी देने के लिए गए थे। हिरलीबाई और तोपसिंह में देर रात को फिर उसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर गुस्साई पत्नी ने उस पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। आरोपी महिला का मायका टांडा क्षेत्र के जोगिया में है। दोनों के बयान में यह बात सामने आई कि दोनों को आशंका थी कि दोनों ही दूसरी शादी करने वाले हैं।

महिला को गिरफ्तार किया है

मामले की सूचना मिलते ही रात को दल बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। गंभीर रूप से झुलसे युवक को हम गंधवानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए थे। जहां उसका उपचार कर उसे धार रैफर किया गया था। गुरुवार को उसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई। उसके बयान भी लिए गए हैं। आरोपी पत्नी के खिलाफ फिलहाल धारा 307 के तहत दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। जिला अस्पताल से मर्ग डायरी आने के बाद हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।

जयराज सोलंकी, थाना प्रभारी गंधवानी

Related Topics

Latest News