MP : दीपावली के सात दिन पहले 24 घंटे 40 मिनिट रहेगा खरीदी का सबसे महामुहूर्त पुष्य नक्षत्र

 

MP : दीपावली के सात दिन पहले 24 घंटे 40 मिनिट रहेगा खरीदी का सबसे महामुहूर्त पुष्य नक्षत्र

इंदौर। दीपावली के सात दिन पहले खरीदी का महामुहूर्त पुष्य नक्षत्र 24 घंटे 40 मिनिट रहेगा। इस बार नक्षत्रों के राजा पुष्य शनिवार और रविवार के दिन आने से शनि और रवि पुष्य का संयोग बनेगा। ज्योतिर्विदों के मुताबिक इस मौके पर स्वर्ण आभूषण, खाता बही के साथ नवीन वस्तुओं की खरीदी स्थायी फल प्रदान करती है। इसके चलते शहर के बाजार भी दो दिन खरीदारों से गुलजार रहेंगे। सराफा व्यापारी इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं। हर साल की तरह सराफा में विद्युत सज्जा की जाएगी।

ज्योतिर्विद आचार्य शिवप्रसाद तिवारी ने बताया कि नीमच के निर्णय सागर पंचांग के अनुसार पुष्य नक्षत्र 7 नवंबर शनिवार को सुबह 8:04 बजे शुरू होगा जो अगले दिन 8 नवंबर रविवार को सुबह 8:44 बजे तक रहेगा। इसके चलते मतमतांतर के साथ दोनों दिन पुष्य नक्षत्र रहेगा। इधर उज्जैन के पंचांग के मुताबिक पुष्य नक्षत्र शुक्रवार को तड़के 4:32 बजे से शुरू होगा जो शनिवार सुबह 5:02 बजे तक रहेगा। दीपावली पर महालक्ष्मी पूजन 14 नवंबर को होगा।

दूर करता समस्त प्रकार के दोष

ज्योतिर्विद देवेंद्र कुशवाह का कहना है कि पुष्य नक्षत्र को पोषण देने वाला माना जाता है। इसमें की गई खरीदी सुख-समृद्धि प्रदान करती है। ज्योतिष शास्त्र में पुष्य और अश्विनी नक्षत्र औषधि बनाने व प्रयोग के लिए उत्तम माने गए हैं। यह समस्त नक्षत्रों का सम्राट है जो सभी प्रकार के दोषों को नष्ट करता है। पुष्य नक्षत्र ग्रह विरुद्ध होने पर भी सम्पूर्ण कार्यों की सिद्धि करता है। विवाह को छोड़कर शेष सभी मांगलिक कार्य के लिए पुष्य नक्षत्र को श्रेष्ठतम माना गया है।

खरीदारों की अगवानी के लिए सजेगा सराफा

इंदौर चांदी-सोना-जवाहरात व्यापारी एसोशिएशन के उपाध्यक्ष बसंत सोनी के मुताबिक पुष्य नक्षत्र पर ग्राहकों की अगवानी के लिए बाजार में विद्युत सज्जा की जाएगी। इस बार नवंबर-दिसंबर में शादियां भी काफी संख्या में हैं। इसके चलते पर्व के साथ शादियों के लिए भी आभूषणों की खरीदी पुष्य नक्षत्र में होगी। दीपावली के तीन दिन पहले पूरे बाजार में कारपेट भी बिछाया जाएगा।

चौघड़ियानुसार शनिवार (7 अक्टूबर) को खरीदी के मुहूर्त

- शुभ : सुबह 8:09 से 9:39 बजे तक।

- चंचल: दोपहर 12:40 से 2:09 बजे तक।

- लाभ : दोपहर 2:10 से 3:39 बजे तक।

- अमृत : दोपहर 3:40 से 5:09 बजे तक ।

चौघड़ियानुसार रविवार (8 अक्टूबर) को खरीदी के मुहूर्त

- शुभ : सुबह 6,40 से 8.10 बजे तक।

- अमृत : सुबह 8.11 से 9.40 बजे तक।

- चंचल : सुबह 9.41 से 11.10 बजे तक।

- लाभ : दोपहर 2.10 से 3.40 बजे तक।

- शुभ : शाम5.10 से 6.40 बजे तक।


हमारी लेटेस्ट खबरों से अपडेट्स रहने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी जुड़ें:

FACEBOOK PAGE INSTAGRAMGOOGLE NEWS ,TWITTER

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ जुड़े हमसे

Related Topics

Latest News