आमने सामने : दिग्विजय का वार बोले- EVM में चिप है, वो हैक हो सकती है, शिवराज ; हार दिखने लगी तो EVM का बहाना बना रहे

 

आमने सामने : दिग्विजय का वार बोले- EVM में चिप है, वो हैक हो सकती है, शिवराज ; हार दिखने लगी तो EVM का बहाना बना रहे

प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर जारी उपचुनावों के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आमने-सामने आ गए हैं। दिग्विजय सिंह ने ईवीएम को लेकर भाजपा पर फिर से निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ईवीएम में चिप होती है और वह हैक हो सकती है। इस पर शिवराज ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ईवीएम पर सवाल खड़े करने का बहाना लेकर पहले से हार की भूमिका बनाने लगी है। यही ईवीएम 2018 के चुनावों में थी, जिसमें कांग्रेस को 114 सीट मिलीं, तब ईवीएम ठीक थी।

जनता लड़ रही चुनाव

दिग्विजय सिंह ने कहा कि 'जनता चुनाव लड़ रही है, जब जनता चुनाव लड़ती है, तो पूरा शासन और प्रशासन कितनी भी कोशिश कर ले, ज्यादा प्रभाव पड़ने वाला नहीं। जैसा कि हमने आगाह कर दिया था कि जनता इन्हें हराना चाहती है। ये केवल प्रशासन के जरिए चुनाव जीतना चाहते हैं। कई जगह से शिकायत आ रही है कि गरीबों को वोट नहीं डालने दिया जा रहा है। उनकी मतदाता पर्ची बीएलओ से छुड़ाकर भाजपा के लोगों ने अपने पास रख ली हैं।

जीतेगा लोकतंत्र, हारेगा नोट तंत्र : दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने कहा, 'कुछ जगह पर फायरिंग हुई है। प्रशासन पर दबाव डालकर और पुलिस के माध्यम से चुनाव जीतना चाहते हैं। यह चुनाव लोकतंत्र और नोट तंत्र के बीच है... इस बार लोकतंत्र की जीत होगी। सिंह ने कहा कि चुनाव में शराब और पैसा बड़े पैमाने वितरण हुआ है। भाजपा कितनी भी कोशिश कर ले, लोकतंत्र विजयी होगा, नोट तंत्र हारेगा। जो कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए हैं, उनको जनता सबसे पहले हराएगी।

ईवीएम पर सवाल

सिंह ने कहा कि तकनीकी युग में विकसित देश ईवीएम पर भरोसा नहीं करते, पर भारत और कुछ छोटे देशों में ईवीएम से चुनाव होते हैं। विकसित देश क्यों नहीं कराते? क्योंकि उन्हें ईवीएम पर भरोसा नहीं है? क्योंकि जिसमें चिप है, वह हैक हो सकती है।

शिवराज का पलटवार

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि 'दिग्विजय सिंह पहले से हार की भूमिका बनाने लगे हैं। यही ईवीएम 2018 के चुनावों में थी, जिसमें कांग्रेस को 114 सीट मिलीं, तब ईवीएम ठीक थी। अब जब कांग्रेस को हार दिख रही है, तो इसका ठीकरा ईवीएम पर मढ़ दो और खुद छुट्टी पा लो।

28 सीटेंं जीतेगी भाजपा

कमलनाथ के मंगल वाले बयान को लेकर शिवराज ने कहा कि 'मंगल जनता का होगा, क्योंकि भाजपा प्रदेश की सभी 28 सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कमलनाथ के हनुमान भक्त होने पर कहा कि पूजा का मतलब ये नहीं है कि आज मतदान है, तो चलो सवा रुपइया चढ़ा कर सब मांग लो। भगवान अंतर्यामी हैं और वो सब जानते हैं, हम तो रोज उपासना करते हैं।'

Related Topics

Latest News